Quantcast
Channel: उदंती.com
Viewing all 2207 articles
Browse latest View live

अनकहीः ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के दस साल ...

$
0
0

 - डॉ.  रत्ना वर्मा

मेरे घर खाना बनाने वाली जो महिला आती है। उसके दो बच्चे हैं; एक लड़का और एक लड़की। दोनों पति- पत्नी कमाते हैं और उन्हें पढ़ने के लिए स्कूल भेजते हैं। परंतु एक बात जो अजीब लगी, जब उसने बताया कि मेरा बेटा एक निजी अंग्रेजी स्कूल में पढ़ता है और बेटी सरकारी स्कूल में। इस भेदभाव के बारे में पूछने पर उसके पास कई तरह के जवाब थे कि किराए के मकान में रहते हैं, खर्च बहुत बढ़ गए हैं। हम एक ही बच्चे की पढ़ाई का खर्चा उठा सकते हैं आदि आदि... 

इसे विडम्बना ही कहेंगे कि आज भी निम्न और मध्यमवर्ग के परिवारों में बेटा और बेटी की परवरिश को लेकर भेदभाव जारी है। हमारे देश में ऐसे कई प्रदेश हैं, जहाँ आज भी बेटी के जन्म पर दुख और बेटे के जन्म पर जश्न मनाया जाता है । हम आज भी अपनी उस पुरानी दकियानूसी सोच से ऊपर नहीं उठ पा रहे हैं, जहाँ यह माना जाता है कि बेटा ही कुल का वंशज होता है। बेटा ही माता-पिता को मुखाग्नि देता है।  वहीं बेटियों को पराया धन, बच्चे पैदा करने वाली, चूल्हा चौका सम्भालने वाली से अधिक कुछ नहीं समझा जाता।  इस सोच को बदलने के लिए सरकारी और गैरसरकारी स्तर पर बरसों से अनेक योजनाएँ चलाई जाती रही हैं; परंतु परिवर्तन की धीमी रफ्तार के चलते बेटियों को लेकर उक्त दकियानूसी सोच को बदलने में समय लग रहा है। 

अभी अभी सरकार की  एक प्रभावशाली योजना-  ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’  के 10 वर्ष पूरे हुए हैं। 22 जनवरी 2015 में शुरू की गई इस योजना का प्रमुख उद्देश्य लड़कियों के जन्म के समय लिंगानुपात में सुधार लाना और समाज में लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के साथ- साथ बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तीकरण को भी बढ़ावा देना था। अफसोस, इस योजना का बहुत अधिक फायदा नहीं मिला। हाल ही में प्रकाशित एक समाचार के अनुसार प्राथमिक शिक्षा में लड़कियों की नामांकन दर 90-100% के बीच तो थी; परंतु माध्यमिक शिक्षा तक आते आते यह दर 77-80% तक आ गई और उच्चतर माध्यमिक शिक्षा में और भी कम होकर 50-58% के बीच पहुँच गई। इस योजना का एक और उद्देश्य महिलाओं के खिलाफ हिंसा को रोकना भी था। खासकर लड़कियों को आत्मरक्षा के प्रशिक्षण के माध्यम से। लेकिन इस क्षेत्र में योजना के प्रयासों के बावजूद महिलाओं के खिलाफ हिंसा में वृद्धि ही देखने को मिली है। 

राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के आँकड़ों के अनुसार 2018 से 2022 के बीच महिलाओं के खिलाफ अपराधों में 12.9% की वृद्धि हुई है। इस मामले में इस योजना को असफल ही कहा जाएगा। हम सभी इस बात से सहमत होंगे कि महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा एक ऐसा संकट है, जिस पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है। इसके लिए हम कानून को काफी हद तक जिम्मेदार ठहरा सकते हैं क्योंकि जहाँ सजा का डर खत्म हो जाता है वहाँ अपराध भी बढ़ जाते हैं। लड़कियों पर हो रहे अपराध के मामले में सामाजिक दबाव एक बहुत बड़ा कारण कहा जा सकता है। क्योंकि माता पिता बदनामी के डर से चुप्पी साध लेते हैं जिससे अपराधी बेखौफ हो जाता है। 

सबसे बड़ी असफलता तो इस योजना के लिए जारी राशि का सही उपयोग न किया जाना रहा है।  करोड़ों के जारी फंड में से आधे से अधिक को सिर्फ प्रचार- प्रसार में खर्च कर दिया गया। अभी भी योजना की राशि बची हुई है।  जाहिर है, योजना को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। ये सब नाकामयाबी इस बात की ओर इशारा करते हैं कि हमारे पास पैसा तो है, पर हम उसका इस्तेमाल करना नहीं जानते, अन्यथा क्या कारण है कि जहाँ संसाधनों की कमी नहीं है, पूरा पावर आपके पास है, लेकिन राजनीतिक दांव-पेंच, प्रशासन की भर्राशाही के बीच अच्छे उद्देश्य के लिए आरंभ की गई योजनाएँ भी फेल हो जाती हैं। 

तो बात फिर वहीं आ जाती है कि किया क्या जाए? समाज की बेहतरी के लिए जब भी कोई योजना बनती है, तो सबको मिलजुलकर काम करना होता है । उद्देश्य चाहे कितना ही बड़ा क्यों न हो, सिर्फ पैसा ही किसी योजना को सफल नहीं बना सकता। लगन, दृढ़ इच्छा शक्ति और देश के प्रति सम्मान तथा प्रेम जब तक नहीं होगा, हम अपने समाज और देश के उत्थान के लिए कुछ नहीं कर सकते। हमारे देश में समाज कल्याण और कुरीतियों को खत्म करने के लिए अनेक महान मनीषियों ने काम किए हैं और पूरा जीवन समर्पित कर दिया। ऐसे में सदियों से बेटियों के प्रति किए जा रहे भेदभाव को एक झटके में तो खत्म नहीं किया जा सकता । इसके लिए समाज की सोच को अनेक स्तरों पर बदलना होगा। बेटियों को देवी की तरह पूजने वाले देश में बेटियों के जन्म को उत्सव के दिन में बदलना होगा। उनकी शिक्षा को बीच में ही न रोककर उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रोत्साहित करना होगा। उनके लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने होंगे। और यही सब उद्देश्य भी बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ योजना का है, जिसे गंभीरता से लागू करने की आवश्यकता है।  

इन सबके लिए जनजागरूकता तो आवश्यक है ही; परंतु इसे फलीभूत करने के लिए कुछ ऐसे उदाहरण और आदर्श प्रस्तुत करने होंगे जो सबके लिए प्रेरणा का स्रोत बने। बेहतर काम करने वाली संस्थाओं, व्यक्तियों की कमी नहीं है देश में। उन सबको साथ लेकर चलना होगा। सबसे जरूरी इस तरह की योजनाओं को राजनीति से दूर रखकर लागू करना होगा क्योंकि राजनीतिक फायदे के लिए बनाई गई योजनाओं से सामाजिक उत्थान की कल्पना नहीं की जा सकती।


उदंती.com, मार्च - 2025

$
0
0

वर्ष 17, अंक - 8

झूठ आज से नहीं अनंत काल से रथ पर सवार है और सच चल रहा है पाँव - पाँव।  -भवानीप्रसाद मिश्र

इस अंक में

अनकहीः‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के दस साल ... - डॉ.  रत्ना वर्मा

महिला दिवसःआनंदीबाई जोशी: चुनौतियाँ और संघर्ष - पूजा ठकर

मौसमःअब तक का सबसे गर्म वर्ष 

पर्व-संस्कृतिः सामाजिक समरसता का पर्व होली  - प्रमोद भार्गव

प्रेरकःक्या लोगों को आपकी कमी खलेगी?

संस्मरणःममता का मूल्यांकन  - देवी नागरानी

आलेखःभाग.. उपभोक्ता.. तेरी बारी आई - डॉ. महेश परिमल

क्षणिकाएँःहँस पड़ी है नज़्म  - हरकीरत हीर

विश्व कविता दिवसःअभिव्यक्ति में कविताएँ गद्य से बेहतर हैं - डॉ. डी. बालसुब्रमण्यन   

लघुकथाःहम बेटियाँ हैं न! - सन्तोष सुपेकर

पर्व-संस्कृतिःसृष्टि का जन्म दिवस - उगादी  - अपर्णा विश्वनाथ

कविताःअकिला फुआ  - डॉ शिप्रा मिश्रा

कविताःऔरतें इतनी उम्मीद क्यों करती हैं?  - डॉ. शैलजा सक्सेना

बोध कथाःएक स्त्री किसी पुरुष से क्या चाहती है? - निशांत

कविताःकहाँ हो तुम - दीपाली ठाकुर

व्यंग्यःपियक्कड़ों की देशसेवा - गिरीश पंकज

कहानीःमुलाकात - जूही

दो लघुकथाएँः1. पराया खून , 2.चलते-फिरते कार्यालय - राममूरत ‘राही’

दो लघुकथाएँः1.सुहाग की निशानी, 2. मान का पान  - सुधा भार्गव

किताबेंःसैनिक पत्नियों की डायरीः महत्त्वपूर्ण अभिलेख - रश्मि विभा त्रिपाठी

जीवन दर्शनःभूलने का विज्ञान- छिपा हुआ वरदान  - विजय जोशी 

जीवन दर्शनः व्यर्थ को करें विदा

$
0
0

  - विजय जोशी 

- पूर्व ग्रुप महाप्रबंधक, भेल, भोपाल (म. प्र.)

कल हम न होंगे न कोई गिला होगा
सिर्फ सिमटी हुई यादों का सिलसिला होगा
जो लम्हे हैं चलो हंसकर बिता लें
जाने ज़िंदगी का कल क्या फैसला होगा
√) जीवन बहुत छोटा किंतु बहुत हसीन है। कितनी सार्थक सुविधा के साथ ईश्वर ने हमें धरती पर भेजा है। सुंदर, सुगठित शरीर, बल, बुद्धि, विद्या, विवेक सहित ताकि हम प्राप्त पलों का भरपूर आनंद लेते हुए कर्मों से धरा पर अपने आगमन को सार्थक करते हुए विदा हों। यह तो हुई पहली बात।
√) दूसरी बात यह कि होता क्या है। वास्तविकता के धरातल पर छोटी मोटी बातों को तूल देते हुए व्यर्थ के वाद विवाद, मान अपमान की मिथ्या धारणा को धारण करते हुए हम प्राप्त सब कुछ गंवा देते हैं।
√) एक बुज़ुर्ग महिला गंतव्य पर पहुँचने के लिये सार्वजनिक बस में एक सीट पर बैठ गई। अगले ही स्टॉप पर लदे हुए भारी- भरकम अनेक बेग सहित एक अभद्र युवा महिला ने साथ वाली सीट पर आसान ग्रहण कर लिया। और इस तरह सहयात्री के लिये परेशानी का सबब बन गई। 
√) लेकिन पूर्ववर्ती महिला बिना किसी शिकायती लहजे या दुर्भावना के सहज शांतचित्त ही बनी रही। यह आश्चर्यजनक घटना देखकर एक अन्य सहयात्री ने उस भद्र महिला से पूछा : जब उस अभद्र महिला ने इतना कुछ किया , तो आपने शिकायत क्यों नहीं की।
√) अब चकित होने की बारी प्रश्नकर्ता की थी जब उत्तर मिला : इतनी छोटी सी बात या घटना के लिए असहज होने जैसी कोई बात नहीं। हमारी यात्रा छोटी सी है। अगले स्टॉप पर ही मुझे उतर जाना है। जीवन में अनेक ऐसे अवसर आएँगे, किंतु अनर्थ के वाद विवाद को जन्म देने या उत्तेजित होने के बजाय उचित तो यही होगा कि हम अपने खुद के जीवन के माधुर्य को बलिदान न होने दें। यही कारण है कि मैं न तो रुष्ट हुई और न ही बदले में बदतमीजी को स्वीकार किया। कुल मिलाकर संदेश स्पष्ट था :
जहाँ चोट खाना, वहीं मुस्कुराना 
मगर इस अदा से कि रो दे ज़माना
√) अब इस प्रसंग को वास्तविक जीवन से जोड़िए। हममें से हर एक धरती पर उतरा है एक निश्चित समय या पलों की थाती लेकर और यह अवधि इतनी सीमित है कि इसे बर्बाद करने के बजाय प्राप्त पलों का सदुपयोग करते हुए शांतचित्त से प्रसन्नतापूर्वक जीने में ही हमारी भलाई निहित है बनिस्बत हर छोटी मोटी बात पर व्यर्थ के वाद विवाद में उलझकर अपने मानस की शांति खोने में। याद रखिये हमारा बड़प्पन क्षमा कर देने में है बजाय ईर्ष्यालु होने के, क्योंकि ऐसे प्रसंग दुःखद से अधिक तो हास्यास्पद आपदा समान होते हैं और समय के अपव्यय के सूचक। 
जिनका काम सियासत है वो सियासत जानें
अपना पैगाम मोहब्बत है जहाँ तक पहुँचे

कविताः इति आई !

$
0
0





- डॉ. सुरंगमा यादव

दीमकों ने खाई

सी नहीं पाई

पुरानी किताब

बड़े-बड़े जिल्दसाजों की

कला भी काम न आई

सहेजा बहुत

 सचेत हाथों ने

पीले पन्नों की टूटन

पर रुक न पाई

बेमन विसर्जन की बेला

अब लगता आई

हा! इति आई।

किताबेंः समय, समाज और प्रशासन की प्रतिकृति

$
0
0

 - अनुज मिश्रा 

पुस्तकः जवाहरलाल हाज़िर हो ( जेल की सलाखों के पीछे पंडित नेहरू के 3259 दिन); लेखकः पंकज चतुर्वेदी, प्रकाशक: पेंगुइन रैन्डम हाउस इंडिया, वर्ष: 2024, पृष्ठ: 186, मूल्य: ₹ 299, ISBN: 9780143470663

ऐसेदौर में जब देश के पूर्व प्रधान मंत्री जवाहरलाल नेहरू की विरासत और प्रतिमानों को ध्वस्त करने की कोशिश की जा रही हो और ऐसे में पंकज चतुर्वेदी का जवाहरलाल हाज़िर हो, लिखना एक साहसिक कदम तो है ही। इस साहसिक कदम के लिए लेखक जरूर बधाई के पात्र हैं। यूँ तो पंकज चतुर्वेदी प्रकृति और पर्यावरण क्षेत्र में जानी-मानी हस्ती हैं: पर इतिहास पर लिखी उनकी पुस्तक जवाहरलाल हाज़िर हो भी कहीं से कम नहीं है। इस पुस्तक में सहजता के साथ - साथ प्रामाणिकता में भी कहीं कमी नहीं दिखी, जो लेखक की लेखन-शैली को स्थापित करता है।

यह पुस्तक नेहरू जी के 3259 दिनों की जेल यानी जीवन के सवा आठ साल के जेल यात्रा का चित्रात्मक विवरण तो है ही, जो अदालती कार्यों के दस्तावेज पर आधारित है; पर यह स्वतंत्रता संग्राम का एक महत्त्वपूर्ण विवरण भी देता है। खास बात इस पुस्तक की ये है की नेहरू पर चलाए गए नौ मुकदमों का प्रामाणिक, रोचक और चित्रात्मक वर्णन तो है ही, जिसमें नेहरू साहस और दृढ़ता से ब्रिटिश न्याय व्यवस्था की धज्जियाँ उड़ाते भी दिखते हैं। जब- जब ब्रिटिश मजिस्ट्रेट उनसे सफाई देने के लिए कहता है, उनका उत्तर एक ही होता है: ‘आपकी न्याय व्यवस्था में मुझे कोई विश्वास ही नहीं है’। सफाई में अंग्रेजी व्यवस्था कोई हेरफेर न कर दे इस से बचने के लिए नेहरू लिखित बयान पेश करने की अनुमति माँगते हैं। लेखक ने काफी शोध करके नेहरू के अदालत में दिए गए लिखित बयान को जस का तस इस पुस्तक में पेश किया है, जो उनके तेवर, भारतदर्शन और भारत की आज़ादी पर उनके समर्पण को बताता है।

एक और खासियत इस किताब की ये है, इस पुस्तक से गुजरते ऐसा महसूस होता है कि सिर्फ़ काल और परिवेश बदला है, परिस्थिति सात दशक बाद भी वैसी ही है। कई जगहों पर तो ऐसा प्रतीत होता है, जैसे ये बात आज के हालात पर की गई टिप्पणी हो। चाहे वो किसान आंदोलन का मामला हो या अभिव्यक्ति की आज़ादी का। “बुराई के साथ कोई समझौता या बातचीत नहीं हो सकती, यह संघर्ष लोगों की पूर्ण जीत के साथ ही समाप्त होना चाहिए और हो सकता है” नेहरू जी का यह वक्तव्य आज भी उतना ही सार्थक है। इस पुस्तक ने नेहरू के विचार को पुनः प्रासंगिक कर दिया, जब वे कहते हैं कि “हम अपने बोलने के हक़ को किसी भी क़ीमत पर छीनने नहीं देंगे….किसी भी क़ीमत पर अपने बोलने की आज़ादी के अधिकार को कभी नहीं छोड़ सकते।” नेहरू के ऐसे विचार काल, स्थान और परिवेश के परे दिखता है मानो 1921 में कही बात आज भी उतना ही सटीक बैठती है - “सरकार ने भय, दबाव और आतंक को अपना मुख्य हथियार बना लिया है, जिससे देश के लोगों का दमन हो रहा है, उनकी भावनाओं को कुचला जा रहा है।” जवाहरलाल हाज़िर हो पुस्तक आज के समय, समाज और प्रशासन की प्रतिकृति है। लेखक ने नेहरू की भारत की स्वतंत्रता आंदोलन में पूरे परिवार पिता वकील मोतीलाल नेहरू और अपनी पुत्री इंदिरा समेत उनकी भागीदारी और उन सब पर जेल में हुए मानसिक और शारीरिक यातनाओं का भी संवेदनशीलता चित्रण किया है। इस चित्रण के जरिए यह बताना भी मकसद था कि जो भी अंग्रेजी शासनतंत्र के अस्तित्व को चुनौती देता, उसका यही हश्र होगा। साथ ही, ये पुस्तक यह भी बताता है कि कठोर से कठोर यातनाएँ भी नेहरू के जज्बे को तोड़ नहीं सकीं; बल्कि हर वे यातना उनके आज़ादी के संकल्प को और मजबूत किया।

आज सोशल मीडिया पर नेहरू के खिलाफ तमाम अनर्गल बातें कही जाती हैं। इस पुस्तक में जिस व्यक्ति पर भोग-विलास और सुविधासंपन्नता का आरोप लगता है, वह कैसे सवा आठ साल तक ब्रिटिश जेलों में (कई बार तो सामान्य कैदी के तौर पर) काटता है, इसका भी विस्तृत विवरण है, जिसमें काल कोठारी में बंद नेहरू पर चूहे का उछल कूद मचाना, उन्हें कैसे हथकड़ी लगाई गईं और उनके ऊपर बदसलूकी का भी जिक्र है।

इस पुस्तक में नेहरू के पारिवारिक संकट, पत्नी की गंभीर बीमारी और बेटी इंदिरा के अंतरधार्मिक विवाह, जो तब सामाजिक अपवाद ही था। इसके बावजूद भारत के स्वतंत्रता संग्राम की लौ को कम नहीं होने दिया, इसका भी वर्णन है।

यह पुस्तक सर्वथा प्रासंगिक रहेगी। इनकी कई वजहें हैं: 1- मुकदमों की विस्तृत जानकारी देने के साथ- साथ ये वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर भी प्रकाश डालता है। 2- हालाँकि पुस्तक का मूल स्रोत अंग्रेजी है; पर इसका अनुवाद पुस्तक की विषय-वस्तु को कहीं से भी कमजोर करता प्रतीत नहीं होता है। 3- हालाँकि प्रथमदृष्टया लगता है कि यह पुस्तक कांग्रेस - समर्थित विचार-धारा से प्रेरित है; पर दरअसल ऐसा है नही। 4- यह पुस्तक दो तरह के लोगों द्वारा अवश्य पढ़ी जानी चाहिए: नेहरू के प्रशंसक तो पढ़ेंगे ही, पर उनसे भी ज्यादा आवश्यक है तटस्थ विचार रखने वालों द्वारा इसका पढ़ा जाना। ऐसा इसलिए की जब नेहरू पर विलासिता और अकर्मण्यता का राजनीति से प्रेरित आरोप लगते हैं, तो उसका सच्चाई से तर्कों के आधार पर न केवल सत्य को स्थापित किया जा सके बल्कि व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी का डटकर मुकाबला किया जा सके। अगर तटस्थ विचार रखने वालों में थोड़ी भी तार्किकता और संवेदनशीलता बची होगी, तो यह पुस्तक उनकी आँखें खोल देगी। 5- अगर ये पुस्तक नेहरू के साथ जेल की सजा काट रहे लोगों का नेहरू पर उनके विचार को शामिल करता, तो शायद यह पुस्तक और भी रोचक हो जाती।

लेखक ने, जो कि www.indiaclimatechange.com के संपादक हैं, इस पुस्तक को रीसाइकिल पेपर पर प्रकाशित कर पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को ही दर्शाया है।

कविताः शब्द

$
0
0





  - सत्या शर्मा ‘कीर्ति’

फुसफुसाहट, शालीन संवाद, 

बहस या चीख़-पुकार

शब्द बुनते हैं एक दुनिया, 

खोलके अभिव्यक्ति के द्वार

एक रेशमी रूमाल 

या एक नुकीली कटार, 

या दिल को बेधते 

या पोंछते हैं आँसू की धार


स्याही और कलम से 

ये बनाते हमारे भाग्य की रेखाएँ, 

इन्हीं शब्दों के गलियारे से 

हम तय करते हैं दिशाएँ

सब भस्मीभूत कर दे, 

एक शब्द वो आग भड़का दे

जीवन छीन ले या फिर से 

किसी का दिल धड़का दे

नीरव को कलरव में बदले, 

फिर कलरव का खेल पलटता

शब्द की डोर से आदमी 

आदमी से जुड़ता और कटता

शब्द दुत्कारता या 

आवाज़ देकर पास बुलाता है,

पल में रोते को हँसाता है, 

हँसाते को रुलाता है

शब्द के दम पर ही 

कोई बस जाता है यादों में

ये ही छलिया और ये ही 

साथ जीने- मरने के वादों में

दूरियों की दीवार में बना देते हैं 

ये नजदीकी का दर, 

शब्दों के पुल पर हम मिलते 

उस पार से इस पार आकर

चुप्पी के हॉल में 

शब्दों का ही गूँजता संगीत है

इन्हीं से बनते हैं दुश्मन, 

इन्हीं से हर कोई अपना मीत है


विश्वकोश के बाग में जाएँ, 

तो शब्दों के फूल करीने से चुनें

कुछ भी कहने से पहले 

थोड़ी इन शब्दों की भी सुनें

शब्द हमें दूर कर सकते हैं, 

शब्द ही हमें रखते हैं साथ

खोलते दिल के दरवाज़े 

शब्दों के गमकीले हाथ

उसने शब्दों के वो फूल चुने थे, 

जिनमें थी पुनीत प्रेम की सुवास

वो नहीं है मगर 

जिन्दा है उसके होने का अहसास।

लघुकथाः मुर्दे

$
0
0

  - युगल

उसेमुर्दाघर में डाल दिया गया था और वह वहाँ पहले से पड़े एक मुर्दे पर औंधा जा पड़ा था। उसकी छाती के नीचे पहले का सिर और गर्दन दबी थी। पहले ने कसमसाते हुए कहा–"जरा परे हटो भाई! क्या मरे पर कोदो दल रहे हो!"

नया बोला–"मैं तो मुर्दा हूँ। अपने से हिल-डुल नहीं सकता।" 

"यहाँ कैसे आए?"

"दंगे में मारा गया। मेरी बीबी और बच्चे…।"उसका गला भर आया।

"मु‍र्दे को दुख नहीं होना चाहिए।"पहले ने सान्त्वना दी–"वैसे तुम किस कौम के थे?"

नया मुर्दा हिचकिचाया– सही बोले या नहीं? फिर उसने तसदीक के लिए पूछा–"और तुम? तुम किस कौम के थे?"

पहले ने तहकीकात की–"तुम्हारे पास कोई हथियार तो नहीं है? मुझे डर लगता है। जिसने मुझे मारा, उसने तो मेरी जात भी नहीं पूछी। गोली मार दी।"

"मु‍र्दे को क्या डर?"नए ने हिम्मत दिलाकर पूछा–"गोली दागने वाला किस कौम का था?"

"मैं तो अंधा हूँ भाई! सड़क पर भीख माँग रहा था।"

"अच्छा हुआ तो मारे गए। एक गंदे काम से फुर्सत मिली।"

अंधा मुर्दा चुप्पी मार गया।

नया मुर्दा बोला–"मुझे अंधों से नफ़रत है, जिन्हें कौम तो दिखलाई पड़ती है, लेकिन इनसान नहीं दिखलाई पड़ता।"

अंधा हँसा–"शायद ख़ुद कत्ल होने के बाद ऐसी आँखें मिलती हैं।"

तभी कोई समाजसेवी मुर्दाघर में शिनाख्ती के लिए आया। उसके आगे मुर्दो का सिर उघाड़–उघाड़ बतलाया गया। समाजसेवी सिर हिला– हिलाकर कहता गया–"नहीं, यह मेरी कौम का नहीं है।"

दोनों मु‍र्दे एक– साथ हँस पड़े– "साला अंधा।"

कहानीः बालमन

$
0
0

 - डॉ. कनक लता मिश्रा 

बचपनबड़ा ही मासूम होता है, बहुत ही सुंदर, कोमल, नव कोपलों के समान ताजगी से भरा हुआ। सारे ही भावों का शुभारंभ यहीं से होता है। इसे हम यों भी कह सकते हैं कि सारे भावों की जड़े यही से प्रारंभ होती हैं और इसलिए भावों की गुणवत्ता का निर्धारण भी यहीं से होता है और यह इस बात पर निर्भर है कि उसमें किस प्रकार का खाद पानी मिलाया जा रहा है, कितनी धूप, कितनी तपिश, कितनी हवा, कितनी शीतलता मिल रही है। मिट्टी भी बहुत महत्त्वपूर्ण स्थान रखती है। यही कारण है, जिस तरह से हमारे शरीर का रूप, रंग व हमारे शरीर की आकृति दूसरों से भिन्न होती है उसी तरह से हमारे मन का भी रूप रंग और आकार सबसे भिन्न होता है और सबसे अलग अस्तित्व लिए रहता है।

हाँ , तो हम बचपन की बात कर रहे थे। उस बचपन की, जिससे होकर हर कोई गुजरता है। 

  एक छोटी- सी बच्ची रत्ना, जो अब बच्ची नहीं, एक प्रौढ़ा हो चुकी है।  बात उस वक्त की है, जब रत्ना केवल सात वर्ष की थी और मोहल्ले के ही एक शिशु मंदिर की दूसरी कक्षा में पढ़ती थी। उन दिनों बच्चे सुनियोजित जीवन जीने के आदी नहीं होते थे और ना ही बच्चे समाजीकरण की प्रक्रिया को सोशल मीडिया से सीखते थे; बल्कि वास्तविक समाज का अवलोकन करते हुए अपने खेल खिलौनों के माध्यम से सीखते थे। तब वीडियो गेम्स नहीं होते थे और ना ही बच्चों के पास कार्टून चैनल बदलने का विकल्प हुआ करता था। टीवी पर कुछ चुने हुए कार्टून आते थे और वह भी एक निश्चित समय पर और फिर सबसे बड़ी बात तो यह थी कि टीवी भी गिने-चुने घरों में हुआ करते थे। रत्ना के घर में भी नहीं था, हालाँकि रत्ना कभी - कभार माँ से मिन्नत- मशक्कत करके इजाजत ले लेती थी और मोहल्ले की एक चाची के घर जाकर टीवी देख आती थी । पढ़ाई पर ध्यान देने के लिए घरवाले इतना जोर नहीं दिया करते थे। हाँ, स्कूल जाना और रात के समय जब तक माँ खाना ना दें, तब तक किताब लेकर जोर-जोर से पढ़ने का कार्य किया जाता था। दोपहरी तो घर वालों को चकमा देकर सहेलियों के साथ खेलने का समय हुआ करता था । कभी साइकिल चलाना, कभी आम की कैरी तोड़कर किसी एक के घर में इकट्ठा होकर कैरी को छीलकर, काटकर नमक डालकर चटखारे लेकर खाना और किसी - किसी दिन माँ को खुश करने के लिए कैरी लाकर माँ को देना और कहना- माँ चटनी बनाने के लिए लाई हूँ । एक और भी बहुत सुंदर परंपरा थी उन दिनों की और वह यह कि दिवाली के दो एक दिन पहले हर छोटे बड़े घरों में आँगन जो कि उस समय घर का अहम हिस्सा हुआ करता था, छोटा या बड़ा कैसा भी और हाँ खुला हुआ। उसी आँगन के एक कोने में एक बहुत छोटा- सा घर बनाया जाता था, जिसे बच्चे ही मिलकर बनाया करते थे बारी - बारी से सबके घरों में जाकर। किसी किसी परिवार में बड़े भी जिसमें ज्यादातर बड़े भाई- बहन भी रुचि लेते थे और घर को बनाने से लेकर सजाने सँवारने तक में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते थे। घर का रंग- रोगन भी किया जाता था, कभी चावल के आटे से तो कभी हल्दी मिलाकर या कभी चूने से। कुछ पुराने कपड़ों से तथा लकड़ियों से गुड़िया- गुड्डा भी बना करते थे और ये गुड़िया -गुड्डा और उनका परिवार इन्हीं घरों में रहा करते थे। इस घर में वे अपनी संपूर्ण साज़ो-सामान के साथ रहा करते थे। एक दिवाली से दूसरी दिवाली तक का समय अर्थात एक वर्ष का समय अंतराल उनका संपूर्ण जीवन काल होता था इसी एक वर्ष में यह युगल एवं इनका परिवार जीवन के सभी पखवारे जी लिया करते थे।

      रत्ना के छोटे से घर में भी एक बड़ा- सा आँगन, जिसके कोने में हर साल एक छोटा- सा घर बना करता था, जिसमें माता पिता के लिए चाचा चाची के लिए दादा दादी के लिए और अतिथियों के लिए अलग-अलग कमरे हुआ करते थे बच्चों का अस्तित्व माता पिता के होने से हुआ करता था; इसलिए बच्चों के लिए अलग से कमरे नहीं होते थे। पूजा और धार्मिक कार्यों हेतु अलग से स्थान हुआ करता था। उस समय इसके लिए अलग कमरे नहीं होते थे और इसी के साथ घर के एक कोने में सामूहिक रसोईघर होता; क्योंकि यही परंपरा मान्य थी; अतः इस छोटे से गुड़िया गुड्डे के घर में भी यही परंपरा निभाई जाती है। मिट्टी के छोटे छोटे खिलौने वाले बर्तन भी होते थे।

रत्ना ज़्यादातर दादी के साथ सोया करती थी। इसका एक महत्त्वपूर्ण कारण भी था और वह यह था कि दादी सोते समय कहानी तो सुनाती ही थी, साथ ही जब तक रत्ना सो ना जाए, तब तक बालों में हाथ फिराती थी। एक रोज़ रत्ना को देर रात तक नींद नहीं आई। उस रात भी रत्ना दादी के साथ ही सोई थी। उस रात दादी कहानी सुनाते सुनाते सो गई; पर रत्ना देर तक नहीं सो पाई। वृद्ध लोग थोड़ी थोड़ी देर में नींद से जगते रहते हैं, सो दादी भी जगी और जागते ही उनका ध्यान रत्ना पर गया और उन्होंने देखा कि वो अभी तक सोई नहीं, तब उन्होंने पूछा कि बिटिया तुम अभी तक सोई क्यों नहीं? तब रत्ना ने बड़े ही भारी मन से कहा, “माई मुझे चिंता है।” (रत्ना दादी को माई कहती थी)

 माई ने पूछा, “भला किस बात की तुम्हे चिंता हो गई?”

 रत्ना ने बड़े ही रुँधी हुई आवाज़ में जवाब दिया- “माई कल मेरी गुड़िया की शादी है और मेरे पास बर्तन नहीं हैं, जो दीवाली पे लिया था वह सारे टूट गए । मुझे चिंता है, मैं शादी में आने वाले मेहमानों को किस में खाना खिलाऊँगी ?” 

 माई ने बड़े ही प्यार से कहा, “हाँ, यह तो चिंता की बात है; पर अभी सो जाओ। मै कल देख लूँगी और सारी व्यवस्था कर दूँगी।”

 चिंता बाल मन की थी, सो भरोसा आसानी से हो गया और फिर माई ने जैसे ही प्यार से सिर पर हाथ फिराया रत्ना कुछ ही पल में बेसुध होकर सो गई। अगली सुबह चिंता फुर्र हो चुकी थी। सुबह उठते ही स्कूल के लिए तैयार हुई  और मस्ती में स्कूल चली गई। स्कूल में ज्यादातर मोहल्ले की सहेलियाँ ही साथ में पढ़ा करती थीं। उन्हें देखकर रत्ना की चिंता की लकीरें फिर से खींचने लगीं; पर फिर यह सोचकर कि माई सब ठीक कर देगी, वह सबको निमंत्रण देने लगी। सब ने बड़ी उत्सुकता से निमंत्रण स्वीकार किया। रत्ना घर आते ही सबसे पहले माई के पास गई। माई के चेहरे पर एक बहुत ही प्यारी- सी मुस्कान दिखाई दी सुमन को । रत्ना ने माई से कुछ नहीं पूछा बस गले में हाथ डाल कर झूल गई । माई ने स्नेह और रुदन- मिश्रित आवाज में कहा, “छोड़ दे बिटिया, तेरी बूढ़ी माई की हड्डियाँ कमजोर हो गई हैं , टूट जाएँगी, तो फिर शाम को तेरी गुड़िया की शादी कैसे देखने जा पाएगी।”

   रत्ना का भोला मन उछल पड़ा और बड़े ही स्नेहिल भाव से माई को देखने लगी और फिर बोली “माई तुम कितनी अच्छी हो, तुम सारे नए बर्तन ले आई ना? अच्छा माई तुम कौन- सी साड़ी पहनकर आओगी? वही वाली पहनना, जो तुमने छोटे काका की शादी पर पहना था । आओगी ना माई? घर में सबको कहो ना माई, तुम कहोगी, तो सब आएँगे - माँ, दीदी, भइया सब.. सब आएँगे। माई सबसे कह देना कि सब लोग अच्छे कपड़े पहनकर आएँगे। अच्छा माई, तुम बताओ मैं कौन सी वाली फ्रॉक पहनूँ?”

 दादी बड़े ही लाड़ से बोलती हैं, “तू कोई सी भी फ्रॉक पहने तू पुतरी ही लगेगी मेरी बच्ची, जा अब तैयारी कर ले वरना सब मेहमान आ जाएँगे और तू काम में हीं लगी रहेगी।”

 रत्ना ने कहा, “हाँ माई, मैं जा रही हूँ अभी तो बहुत काम बचा है।” और फिर रत्ना ने जल्दी से माँ से खाना लेकर किसी तरह से खत्म किया और फिर तुरंत ही अपनी गुड़िया के उस छोटे से घर में गई। जाकर देखा, तो देखती ही रह गई । घर सफेद रंग से रँगा हुआ है।  बूढ़ी उँगलियों से उस घर की हर ई़ट के किनारे को हल्दी के पीले रंग से किनारी रूप में सजाया गया है। मुख्य द्वार से बाहर छोटी- छोटी ईटों से घेरा बनाया गया। घेरे के अंदर आटे और हल्दी के मिश्रित पाउडर से स्वस्तिक भी बनाया गया है। रत्ना घेरे के अंदर स्वस्तिक को बचाते हुए धीरे- से बैठी। और अब कॉपी के गत्ते से बनाए घर के दरवाज़े को खोला। सभी छोटे- छोटे कमरों में छोटे- बड़े सभी तरह के मिट्टी के बर्तन करीने से सजाए गए हैं। एक कमरे में गुड़िया को नए कपड़े पहनाए गए हैं और उसे छोटी-छोटी मोतियों की नथ और टीके, हार और कर्णफूल भी पहनाएँ गए हैं । यह सब देखकर रत्ना के पैर ज़मीन पर नहीं थे, वह खुशी से फूली नहीं समा रही थी। वह तुरंत माई के पास गई है और मारे ख़ुशी के माई की गोद में अपना सर छुपा लिया। माई भी बड़े प्यार से रत्ना के माथे पर आई हुई लटों को सँवारने लगी।

लेखक के बारे में- जन्मतिथि- 5 अक्टूबर, 1978, शिक्षा- M.Sc., Ph.D, संप्रति- प्रोफेसर, गृह विज्ञान, सेंट जोसेफ कॉलेज फॉर वुमेन, सिविल लाइंस, गोरखपुर, विधाएँ- कहानी, कविता, उपन्यास, ग़ज़ल, समीक्षा, प्रकाशन- कहानी संग्रह- डेढ़ पाव ज़िन्दगी…पुल भर मन, असंरचित क्षेत्रों में महिलाओं की सामाजिक आर्थिक स्थिति, पत्र पत्रिकाओं में रचना प्रकाशित, संप्रति- प्रोफेसर, गृह विज्ञान, सेंट जोसेफ कॉलेज फॉर वुमेन, सिविल लाइंस, गोरखपुर, Email- kanaklata1802@gmail.com


लघुकथाः आदतें

$
0
0

  - सारिका भूषण

"साहब!मिसरी या गुड़ कुछ थोड़ा- सा मिलेगा क्या? आज रोटी नहीं ला पाया। घर पहुँचने में घंटा भर से ऊपर लग जाएगा।"- ठेकेदार के जाते ही, घर की मामूली मरम्मत का काम करने आया वह दिहाड़ी मजदूर, घर के मालिक को बाहर आते देखकर बोला।

"हाँ ... हाँ । क्यों नहीं ... दो मिनट रुको। अभी लाता हूँ।"- रमेश बाबू उसकी धँसी हुई आँखों और सूखे होंठ से नज़रें हटाकर बोले।

दोपहर का भोजन रमेश बाबू कर चुके थे; इसीलिए डाइनिंग टेबल पर रखे कैसरोल खाली हो चुके थे। बाई से उन्होंने आज ही फ्रिज की सफ़ाई करवाई थी; नहीं तो कुछ बासी खाना तो ज़रूर मिल जाता।

"चलो सत्तू ही चार चम्मच घोलकर दे देता हूँ, उस बेचारे को।" - रमेश बाबू ने नमक, मिर्च और नींबू डालकर बड़े प्यार से एक गिलास सत्तू का घोल तैयार कर दिया। उनके हाथ से स्टील का गिलास लेकर वह मज़दूर एक साँस में सत्तू गटक गया। फिर एक मटमैली बोतल से अपनी तृप्त होती आत्मा को झकझोरते हुए, पानी कंठ से उतार लिया।

रमेश बाबू एकटक देखे जा रहे थे।

"ठीक है साहब, चलता हूँ। कल सुबह 8 बजे तक आ जाऊँगा। हाँ! रोटी लेकर आऊँगा। घरवाली को भगवान ने जल्दी बुला लिया साहब! अभी आदत नहीं हुई है, उसके बिना रहने की!"- वह मज़दूर भारी आवाज़ में बोलता हुआ, हाथ जोड़कर निकल गया।

रमेश बाबू को ध्यान आया कि सत्तू के डब्बे का ढक्कन उनके हाथ में हैं। वे झटपट रसोई में गए और ढक्कन लगाकर डब्बे को ऊपर वाली शेल्फ में रखने लगे। अचानक उन्हें डब्बे पर बीवी की हाथों से लिखा हुआ धुँधला शब्द 'बेसन'दिखा और वे कुछ देर के लिए सन्न हो गए।

उनके सामने दो चेहरे थे- एक तो बेसन को सत्तू समझकर पीने वाला वह भूखा मजदूर, जिसको ग़रीबी की आदत लग चुकी थी और दूसरा चेहरा अपनी बीवी का, जिसको भगवान ने कुछ महीने पहले ही अपने पास बुला लिया था, जिसके बिना रहने की आदत अभी तक उन्हें नहीं लग पाई थी। 

Email- reetu.sarika@gmail.com

व्यंग्य कथाः आराम में भी राम...

$
0
0

  - डॉ. कुँवर दिनेश सिंह 

प्रभु राम में अपनी पूरी आस्था है। लेकिन जब ऐसे लोगों को फलते-फूलते देखता हूँ जो हराम की खाते-पीते हैं, तो कदाचित् यह सोचने को मजबूर- सा हो जाता हूँ कि क्या ऐसे लोगों के सिर पर भी राम का वरदहस्त रहता है?

प्रोफेसर रामभरोसे जब मरेंगे, तो उनके चित्र पर माला चढ़ाई जाएगी, इस बात को याद करने के लिए कि ये एक मात्र ऐसे प्रोफेसर थे जिन्हें कुछ भी न करने के लिए तनख़्वाह मिलती थी। प्रोफेसर रामभरोसे का रिकॉर्ड है वे कभी क्लास में पढ़ाने को नहीं गए। साल में एक या दो बार ही क्लास में जाते हैं, बस छात्रों को अपनी जीवन-शैली के बारे में कुछ बातें बताने के लिए और कॉलेज- लाइफ सम्बन्धी हिदायतें देने के लिए।

कई बार तो कुछ छात्र एकत्र हो उनकी शिकायत लेकर प्राचार्य के पास पहुँचे। प्रोफेसर भी प्राचार्य के पास ही मौजूद थे, जैसा कि वे अक्सर किया करते थे। इस सम्बन्ध में वे कहा करते, "नियर टू चेयर, नियर टू गॉड"यानी जो कुर्सी के नजदीक, वह ईश्वर के नजदीक। छात्रों ने प्राचार्य को बताया कि बहुत दिन हुए उनकी इतिहास विषय की कोई क्लास नहीं लगी है। प्राचार्य ने पूछा कि कौन प्रोफेसर पढ़ाते हैं? वे बोले यह भी तो मालूम नहीं कि टीचर कौन हैं?  उनका नाम भी तो मालूम नहीं।

प्राचार्य ने प्रोफेसर रामभरोसे से पूछा कहीं यह क्लास उनकी तो नहीं? टाईमटेबल की जाँच के बाद मालूम हुआ, यह क्लास प्रोफेसर रामभरोसे की ही थी। बहुत क़रीबी होने की वजह से प्रोफेसर से प्राचार्य ने कुछ अधिक नहीं बस इतना ही आग्रह किया कि वे ज़रा छात्रों की जिज्ञासा को शान्त कर दें।

प्रोफेसर रामभरोसे को प्राचार्य की बात रखने के लिए उस दिन क्लास में जाना पड़ा। क्लास में जाते ही उनका प्रवचन शुरू हुआ - "देखो भाई लोगों, स्कूल की पढ़ाई और कॉलेज की पढ़ाई में बहुत फ़र्क़ होता है। कॉलेज होता है एक्सपोजर लेने के लिए। बंद कमरे की पढ़ाई से एक्सपोजर नहीं मिल सकता। किताबी कीड़े बने रहोगे, तो आज के समाज की, देश की वास्तविकताओं से रूबरू कैसे हो पाओगे? अब बड़े हो गए हो, समाज की हक़ीक़तों को समझो, प्रेक्टिकल बनो, और देश की समस्याओं को सुलझाने में अपना योगदान दो। इसलिए घूमो, फिरो और बाहर की दुनिया की भी सुध लो। एक्सपोजर मिलेगा, तो तुम्हारा व्यक्तित्व और निखरेगा; जीवन के संघर्ष को जानोगे, तो कभी हालात से हारोगे नहीं . . . और जहाँ तक इतिहास विषय का प्रश्न है, तो भला यह भी कोई पढ़ने-पढ़ाने का विषय है? बस पढ़ जाओ इतिहास की किताब को कहानी की तरह और जिन्हें ज़्यादा विस्तार और गहराई में विषय की जानकारी चाहिए वे छात्र मैडम संतोष की क्लास में जा सकते हैं। और बाकी छात्र वार्षिक परीक्षा के दस दिन पूर्व आकर मुझसे महत्त्वपूर्ण प्रश्न नोट कर लेना. . .।"चूँकि प्रश्न-पत्र बनाने वालों की सूची में भी प्रोफेसर रामभरोसे शामिल रहते, प्रश्न-पत्र में उनके बताए दस में से पाँच प्रश्न तो आ ही जाते हैं। आश्चर्य की बात नहीं, कैम्पस में छात्र उनके पैर छूते हुए नज़र आते हैं। और इस तरह प्रोफेसर ने छात्रों की जिज्ञासा शान्त कर दी।

दरअसल प्रोफेसर रामभरोसे का शौक़ है ठेकेदारी व ज़मीन-जायदाद आदि में दलाली का। और अपने इस शौक़ के लिए वे हमेशा दत्तचित्त रहे हैं। यहाँ ज़मीन बेची, वहाँ ख़रीदी; यहाँ कोई मकान बनवाया, वहाँ कोई मकान ख़रीदा, फिर बेचा . . . इसी तरह के काम हैं जिनमें उनकी रुचि भी है । ऐसे ही चौदह-पन्द्रह बरस निकल गए। कहीं ज़्यादा शिकायत हुई, तो बात हँसी-ठिठोली में टाल दी; और यदि फिर भी बात नहीं बनी, तो राजनीतिक सम्पर्क का फ़ायदा उठाकर अपना स्थानान्तरण करा लिया। राजनीतिक पार्टियों में भी उनकी सत्तासीन व विरोधी दोनों दलों में बराबर पैठ है।

हाल ही में एक चमत्कार हुआ। यह चमत्कार ही था, जब समाचार पत्रों में छपा कि कुछ प्राध्यापक पदोन्नत हो गए और बहुत-से प्राध्यापकों को पीछे कर प्राचार्य बन गए हैं - जिनमें प्रोफेसर रामभरोसे का नाम प्रथम स्थान पर था। और उन्हीं के जैसे कुछ अन्य भी उस सूची में शामिल थे। उनकी बेफिक्री व आरामपरस्त  जीवन-शैली को देखते हुए जब कभी कोई प्रोफेसर साहब से कहता कि ज़्यादा आराम भी अच्छा नहीं होता, तो वे तपाक् से कहते - अरे भई, आराम में भी राम हैं. . ."यह सच है कि प्रोफेसर रामभरोसे ने हमेशा आराम की खाई। लेकिन जिसे वे आराम कहते, वह असल में हराम है। 

कविताः बोलने से सब होता है

$
0
0

 





- रमेश कुमार सोनी

बहुत बोलता है वह,

बोलते-बोलते उबल जाता है 

आग बबूला हो जाता है

उसे यह सब अच्छा लगता है 

क्योंकि उसके अनुसार तो 

यही उसका टोन है 

उसे नहीं मालूम कि 

कब,कहाँ उबलना है और क्यों

लोग उसे अब नजरंदाज करते हैं।


दूसरा बिलकुल ही नहीं बोलता

ख़ामोशी आदत हो चुकी है

बर्फ़ की मानिंद ठंडा

उकसाने पर भी चुप

कहता है जाने दे ना जी

उसे भी नहीं पता कि 

कब, कहाँ, कैसे और क्या बोलना है

लोग इसे भी नजरंदाज करते हैं।


एक वो हैं जिनके 

बोलने से फूल झरते हैं 

लोग उसके बोलने की प्रतीक्षा में हैं

वह अमूमन सिर्फ इशारों में 

जवाब देकर मुक्त हो जाती है

इसे भी बोलना नहीं आता कि 

कब, कहाँ, कैसे और क्या बोलना है

लोग इसे भी नज़रंदाज़ करते हैं।


बोलना चाहिए गूँगे को भी

अन्याय और शोषण के विरुद्ध 

चीखना चाहिए आसमान सिर उठाकर 

ज़िगर के साथ,नज़र मिलाकर

सीना ठोंककर बोलें

पीठ पीछे तो कोई भी बोलता है।


बोलना सिर्फ विरोध में क्यों?

कभी प्रशंसा के बोल भी बोलें

इन दिनों कोई भी, कुछ भी 

कहीं भी बोलकर चला जाता है और 

लोग हैं कि लकीरें पीट रहे हैं

बोलना यानी आंदोलन और 

चुप रहना यानी 

मौन जुलूस कतई नहीं है।

 

बोलने के लिए साहस चाहिए 

यह शक्ति हमें हमारी एकता देती है

कभी किसी से बोलकर तो देखिए

मेरे पिताजी कहते थे 

ज़बान पर शहद लगाकर बोलो 

कि पत्थर दिल भी मोम हो जाए

इन दिनों सही को सही और 

ग़लत को ग़लत बोलने वाला ढूँढ रहा हूँ मैं।

हाइबनः तुम बहुत याद आओगे

$
0
0

  - प्रियंका गुप्ता

उस रात जाने क्यों मन थोडा उदास- सा था...अजीब सी बेचैनी। बहुत सारी बातें थी मन में; पर समझ नहीं आ रहा था कि बेचैनी थी आखिर किस बात पर। अजीब- सा अहसास। बहुत हद तक कारण अगले दिन समझ आ गया,जब शैडो के जाने की ख़बर मिली।

शैडो, कहने को किसी को जो हिकारत से कहा जाता है, वह था। यानी कि गली का कुत्ता, स्ट्रीट डॉग था वह। मेरी गली का एक वफादार बाशिंदा। बहुत सारे इंसानों से ज्यादा भावनाएँ मैंने उसमें देखी थी। इंसानी हिसाब से देखा जाए, तो वो एक दीर्घायु जीकर गया। तेरह साल की उम्र, जब कुत्तों की अधिकतम आयु शायद चौदह साल ही होती है।

अंतिम के तीन दिन, जब उसने खाना-पीना छोड़ा, उसके पहले तक वो सचमुच शैडो बनकर मेरे साथ चला। नाम उसका वैसे मोती था; पर जब वह इस मोहल्ले में आया था, जाने कैसे चुनमुन ने उसे `शैडो'बुलाना शुरू कर दिया था। वह अपने दोनों नाम पहचानता था, बातें समझता था। रात को मेरे गेट का ताला बंद होने से पहले अगर किसी दिन वो कहीं लापता होता और रोटी न खा पाता, तो दूसरे दिन सुबह गेट खोलते ही एक ख़ास अंदाज़ में शिकायत होती मुझसे और मेरे इतना कहते ही-हाँ-हाँ, समझ गए, कल खाना नहीं मिला था न, अभी देते हैं। बिलकुल शांत हो जाता था।

लम्बाई-चौडाई यूँ थी कि अपनी जवानी के दिनों में कि मजाल है कोई अनजान मोटरसाइकिल वाला भन्नाटे से सही सलामत गली से गुज़र सके। इसलिए बच्चों का लाडला था शैडो; क्योंकि गली क्रिकेट में फील्डिंग के साथ-साथ वो इस तरह के घुसपैठियों से भी सबको बचाता था।

एक वफादार साथी की तरह न जाने कितनी दूर तक वो अक्सर मेरे साथ चला है, एक बच्चे की तरह न जाने कितनी बार दो पैरों पर खड़े होकर गले लगा है और जाने कितनी बार किसी अनजान को मेरे दरवाज़े पर ऐंवेही फटकने से भी रोका था।

लोगो को अपनी भयानक आवाज़ से कँपा देने वाला शैडो हमारे झूठमूठ धमकाने पर यूँ दुबक जाता था कि बरबस हँसी आ जाती थी। जिसने उसे कुछ सालों पहले तक देखा था, वो उसे ‘गली का कुत्ता’ कहने की बजाय ‘गली का शेर’ ही कहते थे।

वह किसी एक का नहीं था, फिर भी सबका था। मौत को अपना बना वो तो अपने कष्टों से मुक्ति पा गया; पर आज भी जब मेरी ही तरह उसे इस गली के कई लोग याद करते हैं, तो ऐसे में मुझे उन लोगों पर तरस आता है, जो अपने कर्मों के कारण ऐसी याद से भी वंचित हैं, उस प्यार से वंचित हैं, जो एक ‘गली का कुत्ता’ पा गया।

शैडो के जाने के बाद उसकी विदाई में बस एक ही बात दिल में गूँजी थी- तुम बहुत याद आओगे, हमेशा याद आते रहोगे, हर उस पल में जब कोई साया साथ चलेगा।

वफ़ा की सीख

बेजुबान दे जाते

नेह से भरे।

लघुकथाः बीमार

$
0
0

  - कमल चोपड़ा

साइकैट्रिस्टके पास जाने के लिये उनकी पत्नी बड़ी मुश्किल से मानी थी। वह पूछती, ‘मुझे क्या हुआ है? मैं तो ठीक-ठाक हूँ। क्या मैं पागल हूँ। साइकैट्रिस्ट डॉ० मदान के कुछ भी पूछने बताने से पहले मेहता ने कहा, ‘‘डॉ० साहब ये मेरी वाइफ है। पिछले चार पाँच साल से मैं इन्हें महँगा से महँगा कोई गिफ्ट लाकर देता हूँ। तो इसका रिएक्शन बहुत ठंडा सा होता है? पिछले चार-पाँच वर्ष से इसने हमारी कोठी के आगे-पीछे छत पर हर जगह फल, फूलों, सब्जियों के पेड़-पौधे लगवा दिये हैं। कहीं गमले पड़े हैं तो कहीं पक्षियों के लिये दाना पानी के मिट्टी के कसोरे लटक रहे हैं। घर पर दुनिया भर के पक्षी आने लगे हैं। और तो और ये दिन में दो बार दूध ब्रेड लेकर गलियों में घूम रहे आवारा कुत्तों को खिलाने पहुँच जाती है। हमारी अलीशान कोठी को छोटा-मोटा जंगल जैसा बना दिया है। हमारा एक ही बेटा है और वह विदेश में पढ़ रहा है। सारा दिन पक्षियों की आवाजें आती रहती हैं। यों यह खासी पढ़ी-लिखी हैं पर……? सारा दिन घर पर रहकर पेड़-पौधे जानवरों की सेवा में लगी राहती है।’’

      डॉक्टर ने उन्हें चुप कराते हुए कहा, ‘‘ठीक है मैं इनसे कुछ प्रश्न पूछूंगा अब। बाद में मुझे आपकी भी काउंसलिंग करनी पड़ेगी तब तक आप प्लीज बाहर बैठिए। पत्नी से तरह-तरह के प्रश्न पूछने के बाद डॉक्टर ने मेहता को बुलाया और पूछा, ‘‘आप कुछ अपने बारे में बताइए?

      लगभग पच्चीस वर्ष पहले मैंने दो लाख रुपयों से काम शुरू किया था। अपनी काबिलियत और परिश्रम से मैंने अपनी कम्पनी को तीन सौ करोड़ तक पहुँचा दिया है। घर में नौकर-चाकर सभी सुविधाएँ मौजूद हैं। पर पत्नी ने घर में गंद मचा रखा है। कहीं तिनके और सूखे हुए पत्ते …….?

      मैं जबरदस्ती इन पेड़, पौधों को उखड़वाकर साफ करवा सकता हूँ। पर डरता हूँ कि कहीं ये पूरी पागल न हो जाए।

      डॉक्टर ने उन्हें टोकते हुए फिर पूछा, ‘‘अच्छा ये बताओ आपके अपनी पत्नी से रिलेशंस कैसे हैं? आप आखरी बार कब हँसे थे। आपको फूलों का खिलना, पौधों का धीरे-धीरे बड़ा होना, पेड़ों का झूमना और पक्षियों का चहचहाना क्या आपको यह सब अच्छा नहीं लगता। कुछ देर चुप रहने के बाद वे एकाएक बोले, ‘‘दिन भर मैं तो ऑफिस में काम करता हूँ। घर पर रहने का मेरे पास टाइम ही कहाँ है? मुझे बी.पी., शुगर है। पर दवाई गोली खाकर काम में लगा रहता हूं। ऑफिस में पूरा स्टाफ है, पर मुझे खुद सुबह से शाम तक कामों में जुटा रहना पड़ता है। लाखो की कमाई है। चिन्ता रहती है कि कहीं कम्पनी घाटे में न चली जाए।’’

      हँसते हुए डॉक्टर ने कहा, ‘‘लाखो की जो कमाई  आगे और होनी है। उसके नुकसान होने की आपको टेंशन है।

      मैंने आपकी वाइफ को चेक कर लिया है। मेण्टली सीइज क्वाइट फिट एंड नार्मल। उसे प्रकृति से प्रेम है। माफ करना आपकी पत्नी नहीं: बल्कि मानसिक रूप से बीमार तो आप हैं। शारीरिक और मानसिक रुप से स्वस्थ होना है< तो आपको प्रकृति की तरफ वापिस लौटना ही होगा……।’’

विज्ञानः बंद पड़ी रेल लाइन का ‘भूत’

$
0
0

 भूत-प्रेतके किस्से कहानियाँ काफी प्रचलित हैं। यकीन करें या ना करें, लेकिन ऐसे किस्से-कहानियाँ इतने

रोमांचक होते हैं कि हर जगह इनको सुनने-सुनाने वाले लोग मिल ही जाते हैं।

किसी भी आहट, हरकत, या मंजर को भूत की करामात मान लेने का हुनर और विश्वास दुनिया के सभी हिस्सों में होता है और ऐसे किस्से हर जगह मिल जाएँगे। इसी का एक उदाहरण है दक्षिण कैरोलिना के समरविले के जंगल में एक बंद पड़ी रेल लाइन पर अचानक कौंधने वाली चमक। 

इस इलाके के कुछ बड़े-बुज़ुर्ग इस चमक से जुड़ी एक भूतिया कहानी सुनाते हैं: कई साल से एक महिला रात के वक्त हाथ में लालटेन लिये अपने पति का सिर इस रेल लाइन पर तलाशने निकलती है। उसका पति कभी किसी समय इस रेल लाइन पर ट्रेन से कट गया था और इस घटना में उसका सिर धड़ से अलग हो गया था।

इस कहानी पर गौर करें, तो मन में कुछ ज़ाहिर से सवाल उठ सकते हैं। जैसे महिला को यदि सिर की ही तलाश है, तो वह रात में तलाशने क्यों निकलती है, दिन में क्यों नहीं जाती? दिन में तलाशे, तो सिर मिलने की संभावना अधिक होगी। 

इसी कहानी का एक दूसरा रूप भी सुनने को मिलता है: 1880 के दशक में जब यह रेल लाइन चालू थी, तब एक महिला रोज़ रात को हाथ में लालटेन लिए अपने ट्रेन कंडक्टर पति से मिलने और उसे खाना देने इस रेल ट्रेक पर आती थी। एक रात को वह आई; लेकिन ट्रेन नहीं आई, बस खबर आई कि ट्रेन पटरी से उतर गई है और उसका पति उसमें मारा गया। लेकिन उसे यकीन नहीं हुआ और इस विश्वास में कि उसका पति लौटकर आएगा, वह रात को यहाँ लालटेन लेकर उसका इंतज़ार करती है। 

कहानी के ऐसे कुछ और भी संस्करण सुनने को मिलते हैं; लेकिन जितने भी संस्करण आप सुनेंगे, उनमें एक चीज़ कॉमन है: रेल ट्रेक के पास लालटेन की रोशनी, या यूँ कहें लालटेन की लौ के समान प्रकाश की वलयाकार चमक। दरअसल, इन सभी कहानियों में (एकमात्र) यही वास्तविक अवलोकन है और लोगों द्वारा इसके विविध अनुभवों ने भूतिया कहानियों को जन्म दिया है।

इन कहानियों ने जब स्थानीय किस्सागोई से आगे बढ़कर किताबों और अखबारों की सुर्खियों में जगह बनाई तो यू.एस. जियोलॉजिकल सर्वे की भूकंपविज्ञानी सुज़ैन हफ का ध्यान इनकी ओर गया। और बारीकी से जब उन्होंने इनके विवरणों को पढ़ा , तो पाया कि यह कोई भूत-प्रेत का मामला नहीं बल्कि एक भूकंपीय घटना का संकेत है। 

जैसे लोगों ने कहा था कि उन्होंने अपनी कारें बेतहाशा हिलते हुए महसूस कीं, या अचानक घर के दरवाज़े हिलते हुए देखे। स्पष्ट तौर पर ये भूकंप के नतीजे थे। अलबत्ता, कुछ विवरण ऐसे थे जो सीधे तौर पर भूकंपीय घटना से जुड़े नहीं लगे रहे थे। जैसे, लोगों को शोर और फुसफुसाहट सुनाई देना। लेकिन हवा में टंगी वलयाकार रोशनी तो भूकंपीय घटना का परिणाम लग रही थी। 

दरअसल इस इलाके में किए उनके पूर्वकार्य के अनुभव कह रहे थे कि यह रोशनी भूकंपीय घटना का परिणाम है। 2023 में, हफ और उनके साथियों ने इन्हीं पटरियों पर फील्डवर्क करते समय देखा था कि इन पटरियों में एक अजीब सा खम (घुमाव) है; बिछे ट्रेक पर पटरियाँ जहाँ-तहाँ थोड़ा मुड़ गई हैं और सीधी की बजाय लहरदार बिछी हैं। कभी सीधी रहीं इन पटरियों के लहरदार हो जाने का कारण उन्होंने 1886 में चार्ल्सटन में 7.3 तीव्रता का भूकंप पाया था।

फिर, कई अन्य जगहों पर भूकंपीय रोशनी अनुभव भी की गई हैं, जैसे विलमिंगटन और कैरोलिनास में भी इसी तरह की रोशनी दिखने की सूचना मिली है। और ये विलमिंगटन, कैरोलिनास या दक्षिणी कैरोलिना में ही नहीं, बल्कि कहीं भी दिख सकती हैं। लेकिन इनका अध्ययन करना मुश्किल है; क्योंकि ये कब-कहाँ दिखेंगी इसका कोई ठिकाना नहीं; इसलिए भूकंप की रोशनी को कैमरों वगैरह में कैद करना थोड़ा मुश्किल है। और फिर अब इतने सालों बाद समरविले और ऐसे अन्य स्थान इतने भी सुनसान और अंधकार में डूबे नहीं रहे हैं कि पल भर को कौंधती रोशनी अच्छे से दिख जाए। 

जापान के एक वैज्ञानिक, युजी एनोमोटो ने इन भूकंपीय रोशनियों के निकलने का कारण तो बताया है। जब भूकंप आता है, तो कभी-कभी इसके साथ रेडॉन या मीथेन जैसी गैस निकलती हैं, और जब ये गैस ऑक्सीजन के संपर्क में आती हैं , तो जलने लगती हैं। नतीजतन चमक पैदा होती है।

लेकिन समरविले के मामले में हफ का ख्याल है कि यहाँ भूकंप के साथ रोशनी पैदा करने में रेडॉन या मीथेन जैसी गैसें नहीं बल्कि रेल की पटरियाँ भूमिका निभाती हैं। दरअसल साउथ कैरोलिना में अपने फील्डवर्क के दौरान उन्होंने देखा था कि ट्रेक के आसपास पुरानी पड़ चुकी पटरियों का ढेर पड़ा हुआ है। होता यह है कि जब रेल कंपनियाँ पुरानी पटरियों को बदलती हैं , तो प्राय: पुरानी पटरियों को वहाँ से हटाती ही नहीं हैं। इसलिए, ट्रेक के आसपास ढेर सारी स्टील की पटरियाँ पड़ी होती हैं। और थोड़ी हलचल या भूकंप से जब ये पटरियाँ आपस में रगड़ खाती हैं , तो इनसे चिंगारी निकलती है, जो लोगों ने अनुभव की। और कहानी बन गईं।

अपने इस विचार को हफ ने सिस्मोलॉजिकल रिसर्च लैटर्स में प्रकाशित किया है, और वे इस पर खुद व अन्य लोगों द्वारा आगे काम करने और भूकंपीय रोशनी को तफसील से समझने की उम्मीद करती हैं।

बहरहाल, जैसा कि हमने शुरूआत में कहा, हमारे यहाँ भी ऐसी ढेरों कहानियाँ मशहूर हैं। भानगढ़ के मशहूर किले को ही ले लें; किले में रात के वक्त सुनाई देने वाली आवाज़ें उसे भूतिया करार देती हैं। हफ के द्वारा किया गया यह अध्ययन और उसका परिणाम क्या हमारे यहाँ के वैज्ञानिकों को यह समझने के लिए प्रेरित कर सकता है कि खाली पड़े खंडहर में रात को किसी (‘प्राणी’ या ‘शय’) की गूंज/पुकार सुनाई देती है या माजरा कुछ और ही है? (स्रोत फीचर्स)

कविताः बुद्ध बन जाना तुम

$
0
0


 - सांत्वना श्रीकान्त 

कुछ अल्ड़ह- सा, ऊँघता

हिलोरे लेता हुआ

तुम्हारे ख्वाबों का उन्माद

बड़ा जिद्दी है।

बन जाना चाहता है

तुम्हारे रूह का लिबास।

कमरे में छोड़ी तुम्हारी

अशेष खामोशी

ढूँढ रही है कोना,

खुद को स्थापित करने का।

हाथ पकड़कर

मेरी चुप्पी का,

ले जाना चाहती है

कहीं दूर बहुत दूर.........

लाँघकर देहरी

उस मैदान तक।

तब-

गरम साँसों की छुअन,

होठों की चुभन

समाधि तक चलेगी साथ,

वहीं घटित होगा प्रेम।

उकेर देना चाहते हो न!

मेरे शरीर के

हर हिस्से पर अपना नाम,

वहाँ पर बीज बो दूँगी मैं,

जब आखिरी बार मिलोगे

तब वह बन चुका होगा

बोधिवृक्ष

और-

तुम उसकी छाँव में

बैठकर बुद्ध बन जाना।

email - drsantwanapaysi276@gmail.com


संस्मरणः स्मार्ट फ्लायर

$
0
0

 - निर्देश निधि

कुछबातें कितनी भी पुरानी क्यों न पड़ जाएँ, उनकी यादें इंसान की अनुभूतियों में जीवंत और युवा बनी रहने में पूरी तरह सक्षम होती हैं। ऐसी बातें कहीं खोजी या तलाशी नहीं जा सकतीं। वे तो बस घट जाती हैं अचानक। कई बरस पूर्व की ऐसी ही एक घटना है मेरे दिल्ली प्रवास की। मेरा पुत्र वरुण उन दिनों आई आई टी की प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था। हमारे अपने शहर में कोचिंग की सुविधा नहीं थी; इसलिए पारिवारिक सहमति बनी कि उसे राजधानी में रखा जाए, जहाँ कोचिंग सेंटर्स का जमावड़ा है, ताकि वह अपनी परीक्षा की तैयारी ठीक से कर सके और सफल हो सके। वह समय और था, जब इंटरमीडिएट पास करने के बाद किन्हीं प्रतियोगी परीक्षाओं के विषय में सोचा जाता था। अब तो इस गलाकाट प्रतियोगिता के युग में थमने – रुकने, किसी देरी या सुस्ताने के लिए कोई स्थान रहा ही नहीं। दसवीं कक्षा पास करते ही वरुण भी दूसरे बच्चों की तरह प्रतियोगिता की दौड़ में शामिल हो गया। हमारी इकलौती संतान होने की वजह से वह लाड़ला तो है ही, साथ ही बड़ा सीधा - सरल भी है। हालाँकि अब वह भी थोड़ा तो बदला ही है; परंतु उस समय तो वह बिलकुल ही भोला बच्चा सा ही था, जिसे दिल्ली जैसे महानगर में अकेला नहीं छोड़ा जा सकता था। उसके पिता के डॉक्टर, प्राइवेट प्रैक्टीशनर होने की वजह से वे तो जा ही नहीं सकते थे। अतः वरुण के साथ मेरा दिल्ली जाना तय हुआ। हम दोनों माँ - बेटा छोटी- सी गृहस्थी के साजो - समान से लैस होकर अपने विजय- रथ, मस्टर्ड कलर की कोरियन डैवू कंपनी की मैटिज़ कार पर सवार दिल्ली की ओर प्रस्थान कर गए। दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर के एफ ब्लॉक में हमने एक सरदार जी का फ्लैट किराए पर ले लिया। तीन कमरे और एक बालकनी वाला मकान हम दोनों माँ– बेटे के हिसाब से बहुत बड़ा भी था और थोड़ा महँगा भी। मकान मालिक सरदार जी उनके बच्चे और पत्नी सब बहुत भले लोग थे। सरदार जी ने हमें मकान काफी कम किराए पर दे दिया। मकान बिलकुल नया था, मकान मालिक की माली हालत कुछ ठीक नहीं लगती थी। मकान के बहुत सारे काम उन्होंने अधूरे ही छोड़ रखे थे। जैसे लकड़ी का काम या रसोईघर का काफी कुछ काम। इसी तरह छत में कुछ छेद बिना बिजली की फिटिंग के, यानी बल्ब या लैंप लगाए बिना ही छोड़ दिये गए थे। ऐसा ही एक छेद बाहर बालकनी में भी था। जिसमें बल्ब की जगह बिजली की टेप लगे तार बाहर निकले हुए थे।

दिन भर स्कूल और कोचिंग की पढ़ाई से थक- हारकर शाम को जब वरुण थोड़ा अवकाश लेता, तो हम दोनों माँ- बेटा उस बालकनी में शांति से बैठकर आते- जाते आधुनिक दिल्लीवासियों को निहारते। जिसमें शामिल होता कोई चुटिया वाला लड़का, कोई निक्कर वाली लड़की, अत्याधुनिक बुजुर्ग या कोई प्रेमी जोड़े वग़ैरह भी। अँधेरा होते– होते हमारा ध्यान बरबस ही उस बिना बल्ब वाले छेद पर चला जाता। लगता कि काश इस गोधूलि में हम यहाँ बल्ब जलाकर बैठ सकते; पर बल्ब न लगा होने के कारण हम यूँ ही अँधेरे में बैठे रहते। कई माह तक तो वह छेद खाली ही रहा यह तो सर्वविदित है कि राजधानी जैसी भीड़– भाड़ वाली जगह पर आवास की सुविधा कितनी दुर्लभ है, सो वह छेद भी अधिक दिनों तक खाली नहीं रह सका। साथ ही नहीं रह सकी बालकनी की शांति भी। एक चुस्त- फुर्तीली चिड़िया ने अपने चिड़े के साथ वहाँ अपना आवास बनाना तय किया। गृहस्थी का सामान जुटाया जाने लगा। नीड़ का निर्माण कार्य आरंभ किया गया। दोनों एक – एक तिनका अपनी चोंच में खोंसकर लाने लगे। तिनका – तिनका गृहस्थी जुड़ने लगी। पर यह क्या ? चिड़ा तिनके लाता, तो चिड़िया उसे एक तिनका भी घोंसले में ना रखने देती। चिड़े की चोंच से छीनकर स्वयं उसे बड़े करीने से नीड़ में खोंसती। जब देखो तब चिड़िया चिड़े से झगड़ती रहती, झगड़ती क्या उसे झिड़कती, डाँटती - फटकारती रहती। हमारी दृष्टि में बेचारा वह चिड़ा हमेशा चुपचाप रहता। कहीं जाना होता तो आगे वह खुद होती, चिड़ा निरीह पीछे उड़ता। खाना - पीना होता तो भी चिड़िया का अधिकार पहले और अधिक ही होता। मसलन चिड़े को स्वेच्छा से कुछ भी करने की स्वतन्त्रता नहीं थी। अब उन  नन्हे-नन्हे नए पड़ोसियों के प्यारे सान्निध्य के कारण हमें बालकनी में बल्ब की कमी खलनी बंद हो गई थी। अब दिल्ली के आधुनिक समाज के दर्शनों से भी अधिक दिलचस्पी हम अपने उन्हीं नए और नन्हें परवाज़ पड़ोसियों में लेने लगे थे। लगभग रोज़ ही चिड़िया की दबंगई देखकर हमारा कौतूहल कुछ अधिक ही बढ़ गया था। पुरुष प्रधान समाज में रहने वाले हम दोनों उस वाचाल चिड़िया के चिड़े के प्रति क्रूर व्यवहार की बड़ी निंदा करते और चिड़े को दया का पात्र मानते।

जुलाई का महीना था। उस साँझ, दिन भर बरसात के बाद आकाश खुल गया था,  छोटे – छोटे सफ़ेद रुई के फाहे से बादल कहीं -  कहीं अभी भी बिखरे पड़े थे। हमने बालकनी में खुलने वाला अपना दरवाजा खोल दिया, दरवाजा खुलते ही ठंडी – ठंडी हवा हमारे कमरे में आई और आए चिर्र- चिर्र करते हमारे परवाज़ पड़ोसी। उन दोनों का अंदर आना बड़ा सुखद लगा। उनकी आवभगत के नाम पर हम बस इतना ही कर पाए कि जस के तस बैठकर उन्हें निहारते रह गए। हमारे तीन कमरों वाले घर में चिड़िया की अगवानी में दोनों गृहस्थ एक के बाद एक कमरे में बार– बार आए और गए, दो- एक मिनटों तक दोनों ने पूरे घर का जायज़ा लिया। सारे घर में सैर– सपाटा करके जब दोनों सैलानी वापस लौटे, तो थोड़ा- सा कन्फ़्यूजन हो गया। दरवाज़ा खुला था और ठीक उसके साथ एक खिड़की बनी थी जो उस दरवाजे के बराबर की ही थी और वह पूरी खिड़की काँच से परमानेंटली बंद थी। खिड़की का काँच पूरी तरह साफ था उन दोनों सैलानियों को लगा कि दरवाजे की अपेक्षा वे उस खुली जगह से आसानी से निकल पाएँगे। निर्धारित रूप से अगवानी तो चिड़िया की ही होती; परंतु इस बार तो चतुर सुजान खुद ही धोखा  खा गई थी और धड़ से उस पारदर्शी काँच से जा टकराई; परंतु क्षण भर भी व्यर्थ गँवाए बगैर लौट गई और तेज़ी से उड़कर फुर्र से दरवाजे के रास्ते बाहर निकल गई। बाहर जाते ही अपने स्वभाव के अनुसार चिड़– चिड़ करना शुरू कर दिया। कुछ अपनी खिसियाहट भी उतार रही होगी, धोखा खा जाने से पनपी। चिड़ा बेचारा हमारे घर में ही फँसा रह गया। वो बार– बार आकर उसी काँच से टकराता रहा। एक तो वो बेचारा पहले ही बहुत घबराया हुआ था, ऊपर से चिड़िया की डाँट- फटकार की वजह से अपना होश खो बैठा। वह बाहर निकलने के कई असफल प्रयास कर चुका था। चिड़िया को लगा कि अब यह ग़ुस्से से नहीं समझेगा, इसे समझाना होगा।  चिड़िया उसे रास्ता दिखाने के लिए दरवाजे के रास्ते अंदर आने और बाहर जाने लगी। कई बार में जाकर चिड़े को चिड़िया का अनुकरण करने की बात समझ में आ पाई और किसी तरह वो बाहर निकला। उस शाम तो चिड़िया तब तक चिल्लाई जब तक थक नहीं गई। चिड़ा निरीह बना उस छत  के छेद वाले नीड़ में  चुपचाप सिकुड़ा हुआ एक कोने में बैठा रहा। उसके भयभीत कंठ से एक चिर्र भी तो ना निकल सकी।

मैं और वरुण यह पूरा दृश्य चुपचाप बैठकर देखते रहे। वो अपनी पढ़ाई और मैं अपनी रसोई छोड़कर। जिस चिड़िया के कसहले और निरंकुश व्यवहार की हम दोनों अक्सर निंदा करते थे, उसके प्रति आज हमारा दृष्टिकोण कुछ बदल गया था। ठीक वह हो गया था, जिसे अंग्रेज़ी में कहते हैं, पैराडिम शिफ्ट। अब हम उसे दृढ़ निश्चयी और अपने साथी के प्रति वफ़ादार के रूप में देखने लगे थे। अन्यथा उस मूर्ख चिड़े के साथ वो स्मार्ट फ्लायर कैसे रह सकती थी। वरुण ने फिर भी कहा कि वह उसे प्यार से भी तो सिखा सकती थी। पर कौन जाने गृहस्थी के शुरूआती दिनों में उसने कितने प्रयास किए होंगे प्यार से सिखाने के। उसे सिखाते – सिखाते ही तो कहीं वो अपना व्यवहार चिड़चिड़ा नहीं कर बैठी थी, और इतना भी कम था क्या कि वो उसके साथ रही।

उसी वर्ष वरुण का चयन आई आई टी में हो गया। अब तो वह अपनी कंपनी चला रहा है; पर जब भी कभी हम लॉन में बैठकर चिड़ियों का आवागमन देखते हैं, तो वो राजधानी वाली स्मार्ट फ्लायर स्वतः ही हमारे सामने आ खड़ी होती है। उसकी स्मार्टनेस की चर्चा के साथ ही हम ये कहना कभी नहीं भूलते कि चाहे वो इंसान हो, पशु-पक्षी हो या कोई अन्य, आदेश तो उसी का चलता है, जो दूसरे से बुद्धिमान होता है, कुशल होता है।

आलेखः वीर योद्धा- मन के जीते जीत मेजर मनीष सिंह

$
0
0

  - शशि पाधा 

युद्धएक ऐसा आक्रमणकारी दानव है जिसकी तरकश में केवल हिंसा, संहार और विनाश के तीर-भाले ही संग्रहीत रहते हैं।  युद्ध में चाहे हार हो चाहे जीत, बलि तो मानवता और शान्ति की ही चढ़ती है।  वायु, आकाश, गन्ध, संगीत, बादल, बिजली जैसी प्राकृतिक संपदा को बाँट सकने का न हमें अधिकार होता है और न ही क्षमता।  ये तो पूरे विश्व की निधि हैं।  इसी प्राकृतिक सम्पदा का एक अनमोल मोती है हमारी शस्य-श्यामला धरती।  स्वार्थी, अहंकारी और लालची मानव युगों-युगों से केवल इसी धरती को बाँटने, इसके टुकड़े-टुकड़े करने की ताक में रहता है, और इसी राक्षसी प्रवृत्ति की ज्वाला को अंगार दे रहा है विश्व में फैला आतंकवाद।  यही इस  युग की सबसे निंदनीय देन है।  आतंकवाद संहार का, विनाश का, अशांति का विध्वंसक हथियार है।  इस विनाशकारी तीर को निरस्त करने वाली लौह ढाल भी ईश्वर ने बनाई है और वह ढाल है भारतीय सेना के सैनिकों का शौर्य।  यह केवल भावना नहीं, जनून नहीं! यह प्राण वायु की तरह उन्हें गति देता है।

युद्ध में सफलता की कितनी भी परिभाषाएँ की जाएँ, कम ही हैं।  सीमाओं पर शत्रु के साथ युद्ध रत होना उसका एक पक्ष है और शत्रु के प्रहार से घायल हो कर मृत्यु से लड़ना उसका दूसरा पक्ष।  इसी दूसरे युद्ध में विजय हासिल करने वाले वीर योद्धा का नाम है मेजर मनीष सिंह। 

बचपन से ही मनीष को खिलौनों में पिस्तौल, राइफल आदि ही पसंद थे और उसका प्रिय खेल था ‘दुशम-दुशम’ यानी दुश्मन पर वार करना।  पिता रेलवे अधिकारी थे; किन्तु मनीष का केवल एक मात्र ध्येय था- भारतीय सेना की विशिष्ट पलटन 9 पैरा स्पेशल फ़ोर्सेस में सम्मिलित होना।  यह उनके लिए केवल महत्वाकांक्षा ही नहीं थी, एक निश्चित पथ था। 

 मुझसे फोन पर बातचीत करते हुए मनीष बताते हैं, “मैम, मेरी माँ मेरे बचपन की पहली जिद्द के विषय में बताती हैं कि अपने आठवें जन्मदिन पर मैंने उपहार में सैनिक की वर्दी ही माँगी थी।  जब वह नहीं मिली, तो मैं रूठ गया था।  मेरी माँ ने चुपके से वह वर्दी खरीद कर रख ली थी।  अंत में अपने जन्मदिन पर सैनिक वर्दी का तोहफ़ा देख, मैं खुशी से नाच उठा था।  माँ कहती हैं कि स्कूल से आकर मैं हर दिन वही पहनता था।  मैंने तो जन्म ही सैनिक बनने के लिए लिया था।” उनकी इस भोली- सी जिद्द की बात सुन कर हम दोनों हँस पड़े थे। 

“तो आपने फिर से कभी कोई जिद्द नहीं की अच्छे बच्चे की तरह।”- माँ हूँ न, इसलिए मैंने उत्सुकता वश पूछ लिया।

मेरा प्रश्न सुनकर वे खुल कर हँस दिए।  कहने लगे, “ की थी न एक बार फिर।  मैं B I T  मेसरा’ राँची में इंजीनियरिंग कर रहा था।  मम्मी-डैडी खुश थे ; लेकिन मेरे सर पर तो सेना में भर्ती होने का हठ सवार था।  फॉर्म भरा, सेलेक्शन हो गया, तो इंजिनीयरंग छोड़कर NDA में जाने की चुपचाप तैयारी कर ली, माँ–डैड को पूछे बिना।  जाने का समय आया, तो बता दिया।”

मनीष की यह सनक तब भी चरितार्थ हुई, जब इण्डियन मिलिटरी अकेडमी से पास आउट होने से पहले उन्हें अपनी पसंद की यूनिट का नाम अपने फॉर्म में भरना था।  फॉर्म में तीन कॉलम होते हैं।  उन्होंने केवल एक ही भरा और उसमें लिख दिया ‘9 Para Special Forces’।  इस पलटन में प्रवेश करने के लिए भी उन्हें फिर से तीन महीने की प्रोबेशन / सिलेक्शन की कठिन परीक्षा से गुज़रना पड़ा।  इस परीक्षा में वे सफल हुए और इस महत्त्वपूर्ण पलटन के सदस्य बन गए।   

वर्ष 2012 में मैं पहली बार मनीष से मिली थी।  बाद में पता चला कि कुछ दिनों के बाद ही उन्हें उनकी टीम के साथ कश्मीर की सीमाओं पर भेज दिया गया था। उन दिनों भारत का उत्तरी राज्य ‘जम्मू –कश्मीर’ कई वर्षों से आतंकवाद की लपटों से झुलस रहा था।  भारतीय सेना तन, मन और कर्म से इस स्थिति से जूझने के लिए निरंतर आतंक एवं अलगाव वादियों से लड़ रही थी।  यह युद्ध पुरानी पद्धति से नहीं लड़ा जा रहा था।  यहाँ शत्रु घने जंगलों, खेतों, घरों, गुफाओं में छिपकर हमारी सेना की गति विधियों को देख रहा था और सामने आते ही उन पर छिप-छिपकर वार कर रहा था।  यहाँ महाभारत का चक्रव्यूह नहीं रचा गया था, यहाँ जंगल में छिपे हिंसक दानवों के साथ युद्ध था।  वीर भारतीय सेना हर परिस्थिति में उसके लिए तैयार थी। 

25 सितम्बर, 2012 की भयंकर रात को कश्मीर के कुपवाड़ा क्षेत्र के घने जंगलों में छिपे आतंकवादियों को ढूँढकर उन्हें नष्ट करने का साहसिक दायित्व कैप्टन मनीष की सैन्य टुकड़ी को सौंपा गया।  रात भर अभियान चलता रहा।  दोनों ओर से गोलियाँ चल रही थी।  उस मुठभेड़ में दोनों ओर से अंधाधुंध गोलियाँ चलीं और कई आतंकवादी मारे गए थे।  इस युद्ध में मनीष को भी गोली लगी थी और वे बुरी तरह घायल हो गए थे।  कहते हैं कि जैसे लक्ष्य भेदन में अर्जुन की आँख केवल अपने लक्ष्य पर केन्द्रित थी, ठीक वैसे ही उस मुठभेड़ में मनीष का लक्ष्य भी सामने खड़े शत्रु को मार गिरना था।  उस घायल अवस्था में भी वे रेंगते हुए शत्रु पर गोली दागते रहे और अंततः सारे आतंकियों को नष्ट करने में सफल हुए।  इस प्रकार न केवल उन्होंने अपनी टीम के साथियों की जान बचाई अपितु कश्मीर के नागरिकों को भी भयंकर संहार से बचाया। 

मनीष इस अभियान की सफलता को उठकर, बैठकर देख भी नहीं सकते थे क्यों कि वे गंभीर रूप से घायल थे।  घायल अवस्था में जब उन्हें कश्मीर के सैनिक अस्पताल में पहुँचाया गया तो चिकित्सकों को पता चला कि रीड़ की हड्डी पर तिरछी गोलियाँ लगने के कारण उनका कमर से नीचे का शरीर निष्क्रिय हो चुका था।  रक्त स्राव और अन्य घावों के कारण उनके शरीर के अंग निष्क्रिय होते जा रहे थे और धीरे- धीरे यह योद्धा कोमा में जा रहा था।  वह समय शायद सेना के चिकित्सकों के लिए एक कठिन परीक्षा का समय था।  दो दिन तक ‘कोमा’ में रहते हुए भी इस योद्धा के हृदय ने अभी हार नहीं मानी थी।  मशीनें बता रही थीं कि इनका दिल अभी भी काम कर रहा था।  सेना के कुशल चिकित्सक उनको बचाने में जुटे थे और उनका परिवार, उनकी यूनिट और उनके मित्र उनके लिए मौन प्रार्थना कर रहे थे।  अंत में मृत्यु पराजित हुई और मनीष जीवित होने के संकेत देने लगे।  

कोमा से बाहर निकलने के अपने उस चमत्कार को मनीष स्वयं इन शब्दों में बताते हैं, “दो दिन तो मैं था ही नहीं इस दुनिया में, शायद शून्य में था।”

मेरे पूछने पर कि कैसे पता चला कि आप जीवित हैं, उन्होंने जो उत्तर दिया वो इस संसार का सब से बड़ा सत्य है, सब से बड़ी दवा है और सब से बड़ी दुआ। 

मनीष कहते हैं, “मैं कहीं दूर निकल गया था मैम! बहुत दूर से कहीं मुझे अपनी माँ की आवाज़ सुनाई दी ---‘मनु’ ।  माँ ने बुलाया था अपनी पूरी ममता के साथ, पूरी आशाओं के साथ।  मैं मना नहीं कर सका और लौट आया मृत्यु के लौह पाश से।”

“माँ कहती हैं कि मैंने बिना आँख खोले अपने हाथ का अंगूठा हिलाया था, जिसे डॉक्टरों ने ‘Thumbs Up’ का संकेत मान लिया और यह घोषित कर दिया कि अब मुझे कोई भी ‘मुझसे’ नहीं छीन सकता।  नकारात्मक परिस्थितयों पर यह मेरी पहली विजय थी । और शायद फिर से जीने के लिए यह तीसरी ज़िद्द थी। 

फरवरी के महीने में जन्म लेने वाले मनु अब अपना जन्मदिन 25 सितम्बर को मनाते हैं।  उनका तर्क है उस दिन उन्हें दूसरा जन्म मिला।  “उस दिन जो गोलियाँ चली थीं, उनमें से एक मुझे लगी और दूसरी मेरे सामने खड़े उस आतंकी को।  गिरे तो हम दोनों ही थे; लेकिन मैंने गिरते हुए उन निर्णायक पलों में एक गोली और दाग दी।  शत्रु वहीं ढेर हो गया और मुझे मेरे साथी तुरंत ही उठाकर हैलिकोप्टर तक ले आए।  तब तक मुझे होश थी और मैं अपने उद्देश्य पूर्ति की सफलता के लिए बहुत खुश था।”

उस रात यह योद्धा नही जानता था कि शत्रु पर विजय तो प्राप्त हुई किन्तु जीवन से युद्ध तो अभी शुरू हुआ था।  यह तो इस नए युद्ध की किताब का पहला पन्ना था।  

अब उनका रणक्षेत्र बदल गया था।  मनीष दो महीने तक दिल्ली के सैनिक अस्पताल के आई सी यू वार्ड में इस शारीरिक आपदा से जूझते रहे।  इस बीच उनके इलाज के लिए तीन बार उनके शरीर में Bone Marrow डाला गया, कितनी बार शल्य चिकित्सा का भी सहारा लिया गया; किन्तु उनकी शारीरिक स्थिति में कोई विशेष अंतर नहीं आया।  उनकी चिकित्सा करने वाले डॉक्टरों ने यह मान लिया था कि मनीष अब अपने पैरों पर कभी भी खड़े नहीं हो सकेंगे, वे कभी चल नहीं पाएँगे।  मनीष को उस समय एक ही बात उनका मनोबल बढ़ा रही थी कि वे जिंदा हैं और उनके शरीर का ऊपरी भाग सक्रिय है।  शायद यही बात अँधेरे में दीपक के समान उनका आगे का रास्ता प्रशस्त कर रही थी।  

दो महीने के बाद उन्हें पुणे के पुनर्वास (Rehabilitation) वार्ड में भेज दिया गया जहाँ विशेष शारीरिक व्यायाम आदि की व्यवस्था थी।  कश्मीर से दिल्ली और फिर दिल्ली से पुणे हॉस्पिटल तक की लंबी यात्रा में मित्र, हमसफर ‘कमांडो देसराज’ सदैव उनके साथ रहा।  देसराज मनीष की टीम से ही था और उनका ‘बड्डी’ था।   यह बड्डी एक साये की तरह चौबीस घंटे मनीष के साथ ही रहता था।  पुणे में मनीष से विभिन्न प्रकार की शारीरिक व्यायाम कराए गए, कई प्रकार के यंत्रों द्वारा उनके शरीर के निचले भाग को सक्रिय करने की चेष्टा की गई ; किन्तु उनकी अवस्था में कोई विशेष अंतर नहीं आया। 

उस समय मैं भारत की यात्रा पर थी और पुणे में उनसे मिलने, उनका उत्साह बढ़ाने के लिए गई थी।  उन दिनों मनीष गहन मानसिक द्वंद्व से जूझ रहे थे।  शारीरिक रूप से शिथिल दिखने वाले मनीष से बात करते हुए मुझे उनकी आँखों में दृढ़ संकल्प की ज्योति दिखाई दे रही थी।  मैं केवल कुछ घंटे उनके साथ बिताकर चली आई थी, इस विश्वास के साथ कि यह बहादुर योद्धा इस परिस्थिति से भी निकल आएगा।  

मानसिक और शारीरिक संघर्ष के विषय में मनीष बताते हैं, “उन दिनों कभी-कभी मुझे गहन निराशा घेर लेती थी।  तब मैं अपने आप से बात करता था और कहता था, मुझे अपने शरीर से लड़ना है, मुझे हार नहीं माननी है।  मैम! मैं अपने आप से बहुत कठोर व्यवहार करता था।  दिन में 50 बार बिस्तर से उठने की कोशिश करता था, सहारा लेकर खड़ा होने की कोशिश करता था ; लेकिन कुछ नहीं हो पाता था।  बचपन से ही मुझे पढ़ने का बहुत शौक था। समय काटने के लिए मैं पढ़ना चाहता था ; किन्तु मैं लेटे-लेटे कितना पढ़ सकता था और थक जाता था। अपने आप से लड़ते-लड़ते मैं अपने भविष्य के लिए कोई और नया रास्ता ढूँढने लगता था।”

रास्ता मिला मनीष को और यह भी एक चमत्कार ही था।  उसी पुनर्वास वार्ड में किसी की बातचीत सुनते हुए मनीष के बड्डी देसराज को बम्बई के एक ऐसे हॉस्पिटल के बारे में पता चला जहाँ Stem  Cell  Therapy से शरीर से असहाय लोगों का इलाज हो सकता था।  मनीष को बिना बताए देसराज स्वयं उस हॉस्पिटल के डॉक्टर आलोक शर्मा से मिल आया और उनसे मनीष के लिए मिलने का दिन भी तय कर आया।  बस उसकी सलाह पर ही मनीष ने मिलिट्री हॉस्पिटल से दो दिन की छुट्टी माँगी और दोनों Sion Hospital, Neurogen Brain and Spine Institute, Nerul, Bombay के लिए चल पड़े।  मनीष कहते हैं कि यह उनके लिए अँधेरे में तीर चलाने के समान था।  इस चिकित्सा के लिए सेना की ओर से उन्हें अनुमति नहीं मिली थी, फिर भी वे इस अवसर को गँवाना नहीं चाहते थे और यहीं से आरम्भ हुआ उनके पुनर्वास का कठोर अभ्यास जिसने उनकी जीवन की दिशा और दशा बदल दी। 

इस हॉस्पिटल के डॉक्टर आलोक शर्मा के अनुसार- मनीष में अपने पैरों पर खड़े होने का अटूट संकल्प और जिद थी, तो परिस्थितियों ने भी उनकी सहायता की।   चार बार Stem Cell Therapy के सहारे उन्हें बिस्तर पर अपने शरीर को मोड़ना बिस्तर से सरककर, पास रखी व्हील चेयर पर जाना और वापिस बिस्तर पर आना था। उन्हें घुटनों को बाकी शरीर का भार वहन करने के लिए सक्षम करना था; ताकि वे कुर्सी से खिसक कर दूसरी जगह पर बैठ सकें।  कमर से नीचे के भाग को सक्रिय बनाने आदि का व्यायाम कराए गए।  इस पूरी स्थिति में मनीष को असहनीय शारीरिक पीड़ा तो होती ही थी; किन्तु इससे अधिक मानसिक दुविधा की पीड़ा उनके लिए घातक हो सकती थी। डॉक्टर आलोक बताते हैं कि इसमें भी न हार मानने वाले मेजर मनीष को विजय ही मिली।  

लगभग चार महीने पहले एम्बुलेंस में लेटकर आने वाले मनीष जब अपनी व्हील चेयर पर बैठकर वापिस पुणे गए, तो नकारात्मक परिस्थतियों के साथ हो रहे अपने मानसिक और शारीरिक युद्ध के मैदान में उनकी यह दूसरी बड़ी विजय थी।  भविष्य उन्हें बुला रहा था और वो एक नए संकल्प के साथ उद्घोषणा कर रहे थे----

“मैं एक सोल्जर हूँ और मैं जिंदादिली से जीता हूँ । एक टारगेट छूटा तो क्या, दूसरा मेरे सामने है। कमांडो कभी हार नहीं मानता। मेरा अगला टारगेट है पैराफ़लैजिक ओलिंपिक में हिस्सा लूँ और देश के लिए पदक जीतूँ।” 

जिंदादिल मनीष ने जल्दी ही अपना दूसरा टारगेट ढूँढ लिया था- पिस्टल शूटिंग की प्रतिस्पर्धा में भाग लेना। अभी वे असमंजस की अवस्था में अपने से लड़ रहे थे, तो फिर एक चमत्कार हुआ।  श्रीमती दीपा मल्लिक (जो स्वयं पक्षाघात पर विजय प्राप्त कर ओलम्पिक खेलों में भाग ले चुकी थीं) ने उनसे फोन पर बात की।  वे भुक्तभोगी थीं और मनीष का मनोबल बढ़ाना चाहतीं थी। यह जानकर कि मनीष को शूटिंग में दिलचस्पी है, उन्होंने उसे सब कुछ भुलाकर केवल इसी खेल को अपना भविष्य बनाने की सलाह दी।  मनीष को मानो अपना रास्ता मिल गया।  उनकी मंशा जानकर सेना ने उनकी नियुक्ति मध्य प्रदेश स्थित infantry School Mhow  में कर दी।  इस सैनिक प्रशिक्षण केंद्र में शूटिंग रेंज भी थी और अभ्यास कराने के लिए शिक्षक भी थे। 

मनीष एन डी ए में चार वर्ष तक बहुत कठिन परीक्षण और अभ्यास से गुज़र चुके थे।  लेकिन तब उन्हें अपने शरीर की बाधाओं से नहीं लड़ना पड़ता था।  पिस्टल शूटिंग का अभ्यास करना बहुत कड़ी परीक्षा थी।  हर बार गोली दागने से पहले उन्हें दायीं ओर मुड़ना पड़ता है, जिससे उनके सभी अंगों में असहनीय पीड़ा होती है।  रीढ़ की हड्डी पर गंभीर चोट लगने के कारण उनका नर्वस सिस्टम भी शिथिल हुआ था।  पता ही नहीं चलता कि कब किस भाग में पीड़ा जाग्रत हो जाए।  

मेरे यह पूछने पर कि इन बाधाओं से कैसे जूझते हैं, मनीष ने हँसते हुए कहा, “प्राणायाम करता हूँ, ध्यान लगाता हूँ और कभी कभी अपनी नकारात्मक सोच से लड़ाई भी कर लेता हूँ।  एक बात जो शूटिंग के अभ्यास के लिए बहुत ही महत्त्वपूर्ण है वह है – एकाग्रता।  सूई में धागा डालने जैसी आँख की एकाग्रता। जितनी बार गोली चलानी है, उतनी बार उसी एकाग्रता की स्थिति में रहना पड़ता है। ”

“कुछ ऐसा भी होता है जब आपका ध्यान टूट जाता है?”  मैंने उत्सुकता वश पूछ लिया था। 

उन्होंने जो बताया वो शायद केवल क्षीण नर्वस सिस्टम के परिणाम से जूझने वाला व्यक्ति ही बता सकता है।  कहते हैं, “कोई पता नहीं चलता कब और कौन- सी अवस्था में उन्हें पीड़ा होने लगे।  तेज़ हवा देता पंखा, कड़ी धूप, ठंडा पानी, तेज़ रोशनी, कुछ भी कब मेरे सिस्टम पर वार कर दे इसका पहले से अनुमान नहीं रहता।  इस असहनीय पीड़ा से दो-दो हाथ करने के लिए मुझे हर तीन माह के बाद बम्बई के एक हॉस्पिटल में Pain Specialist के पास जाना पड़ता है। वहाँ मेरे पूरे शरीर को बड़ी- बड़ी सूइयों से बेधा जाता है।  इस प्रक्रिया से मुझे कुछ महीनों के लिए बाकी शारीरिक पीड़ा से मुक्ति मिलती है।  इस पीड़ा का यही एक मात्र इलाज है और इसे करवाते हुए मैं सोचता हूँ- Something is better than nothing.”  

कश्मीर के हर्दुफा के जंगलों में शत्रु पर विजय प्राप्त करने वाले इस वीर योद्धा को वर्ष 2013 में राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी द्वारा ‘शौर्य चक्र’ से सम्मानित किया गया।  जब मनीष राष्ट्रपति भवन के अशोक सभागृह में अपनी व्हील चेयर पर बैठे हुए पदक ग्रहण करने के लिए आगे बढ़े, तो राष्ट्रपति ने स्वयं मंच से नीचे उतरकर उन्हें इस पदक से विभूषित किया। यह दृश्य उनके परिवार, स्पेशल फोर्सेस और सम्पूर्ण भारतवासियों के लिए बहुत गौरवपूर्ण का पल था।  

मनीष कहते हैं - शौर्य चक्र को ग्रहण करते हुए मुझे गर्व के साथ कृतज्ञता की उदात्त भावना ने घेर लिया था। यह शौर्य चक्र जैसे मुझे जीवन में कुछ विशेष करने के लिए चुनौती दे रहा था, प्रेरणा दे रहा था।  मैंने निर्णय ले लिया था कि मैं भारत के लिए ओलम्पिक्स में पदक अवश्य जीतूँगा। इसे चाहे आप मेरी चौथी ज़िद मान लेना। 

सीमाओं पर शत्रु से लड़ते हुए विजय प्राप्त करने वाले इस अद्भुत वीर योद्धा मेजर मनीष के लिए जीवन की दूसरी पारी में दौड़ने और विजयी होने के लिए पूरे भारत वासियों की अनंत शुभकामनाएँ। 

प्रेरकः खाना खा लिया? तो अपने बर्तन भी धो लो!

$
0
0

  - निशांत

खानाखा लिया? तो अपने बर्तन भी धो लो!

एक प्रसिद्ध ज़ेन कथा में वर्णित है कि:-

एक नए बौद्ध साधक ने अपने गुरु से पूछा – “मैं हाल में ही मठ में शामिल हुआ हूँ. कृपया मुझे कोई शिक्षा दें.”

जोशु ने उससे पूछा – “क्या तुमने अपनी खिचड़ी खा ली है?”

नए साधक ने कहा – “जी”.

जोशु बोले – “तो अपने बर्तन भी धो लो”.

कहते हैं कि इतना सुनते ही साधक को बोधि प्राप्त हो गयी.

मुझे क्षमा करें पर मैं इस कथा को नहीं समझा सकता क्योंकि मैं स्वयं इसे नहीं समझ पाया हूँ. यही तो जापानी ज़ेन कथाओं की विशेषता या कमजोरी है. खैर, मैं इस कथा से ही अपनी बात आगे बढाऊँगा.

अब आप बताएं. क्या आपने अपना खाना खा लिया है? यदि हाँ, तो आप भी अपने बर्तन धो लीजिये.

खाना खाते समय मैं अक्सर यह सोचता हूँ, और-तो-और, दूसरे काम करते समय भी मैं इस बात पर विचार करता हूँ – “खाना खा लिया? तो बर्तन भी धो लो!”

इस बात में असीम सरलता और गहराई है. इसका सार यह है कि ‘जीवन के उद्देश्य और इसके रहस्यों को समझने के प्रयास में अपना सर मत खपाओ… बस जिये जाओ’. अपने बर्तन धो लो. धोने की इस प्रक्रिया में ही तुम्हें वह सब मिलेगा जो तुम पाना चाहते हो.

मुझे इसमें सत्य के दर्शन होते हैं. वैसे तो मुझे वास्तव में अपने बर्तन धोने के अवसर कम ही मिलते हैं पर ऐसा करते समय मैं इसे पूरी तल्लीनता और सजगता से करता हूँ. इस काम में कुछ भी खर्च नहीं होता पर असीम संतोष मिलता है.

नहाने से पहले मैं हाथों से अपने कपड़े धोता हूँ. उन्हें निचोड़ने के बाद सुखाने के लिए तार पर टांग देता हूँ. कपड़े बदलते वक़्त मैं मैले कपड़ों को धोये जाने के लिए नियत स्थान पर रख देता हूँ. किचन में जब कभी कुछ बनाता हूँ तो डब्बों को यथास्थान रखने के बाद प्लेटफ़ॉर्म पर साफ़-सफाई कर देता हूँ. मैं इसमें परफेक्ट होने का दावा नहीं करता पर प्रयास तो कर ही सकता हूँ न.

अपना काम हो जाने के बाद इन चीज़ों को करने का सम्बन्ध केवल स्वच्छता और व्यवस्था बनाये रखने से ही नहीं है. इन्हें करने में सचेतनता और सजगता है, कर्म किये जाने की भावना का मनन है, और हड़बड़ी में अगले काम में रत हो जाने की बजाय वर्तमान के क्षणों में बने रहने का बोध है.

तो आप भी अपने बर्तन धो लीजिये. होशपूर्वक और उल्लास के साथ। (हिन्दी ज़ेन से)

सॉनेटः निर्दिष्ट दिशा में

$
0
0






 - अनिमा दास 

एक संकेत सा.. एक रहस्य सा.. काव्य प्रेयसी के घनत्व में 

रहते हो तुम, हे कवि! तुम अनंत रश्मियों का हो एक बिंदु 

नहीं होते जब तुम परिभाषित अनेक शब्दों में.. अपनत्व में 

नक्षत्रों में होते तुम उद्भासित बन संपूर्ण अंतरिक्षीय सिन्धु 

 

मेरे जैसे कई कहते हैं तुम लघु में हो वृहद.. वृहद में अनंत 

जब घन अरण्य में चंचल होती चंद्र-किरण, मैं कहती हूँ 

कविवर के शब्द पंच रूप से हो निस्सृत सप्त अक्षर पर्यंत 

पुनः पंच रूप में होते आबद्ध, मैं उस चित्रकल्प में रहती हूँ 

 

प्रत्येक छंद में संचरित प्राण.. तमस में भी होता आलोकित 

यह प्रकाश.. यह निर्झर..शैलशीर्ष की यह लालिमा समस्त 

करते प्रश्न.. कहो कवि कैसे तुम वर्णमाला को किए जीवित 

क्या ये वही अर्ण हैं, जो तुम्हें किया है पाठक हृदयाधीनस्थ? 

 

तुम्हारे अवतरण से महार्णव की शुभ्र-उर्मियाँ हुईं काव्यमय 

हुई महीयसी, कथा हुई संपूर्णा..प्रस्फुटित हुआ किसलय। 


यात्रा-संस्मरणः भृगु लेक के द्वार तक

$
0
0

  - भीकम सिंह

  पाँचजून दो हजार चौबीस की सुबह आठ बजे मनाली से लगभग पंद्रह किलोमीटर पहले छोटे से बस स्टेशन फोरटीन माइल पर ना मालूम कितने ट्रैकर उतरे हैं। उनमें हम छह (संजीव वर्मा, डॉ॰ ईश्वर सिंह, अशोक भाटी भाटी, भूपेन्द्र सिंह, इरशाद और मैं) भी एच.आर.टी.सी. की बस से उतरे, उतरते ही देखा कुछेक ट्रैकर मस्ती में गीत गाते हुए आधार शिविर की ओर चले जा रहे हैं। सामने ही दिख पड़ा वैलकम टू फोरटीन माइल आधार शिविर का बैनर। व्यास नदी के किनारे पर यूथ हॉस्टल एसोसिएशन ऑफ इण्डिया ने स्थापित किया है। प्रवेश द्वार पर ही ग्रुप लीडर राकेश तिवारी ने आगे बढ़कर प्रसन्न हृदय से हाथ मिलाया। ‘आप लोगों का स्वागत है।’ उसने कहा। तुम्हारी सूचना मिल गई  थी। अभी टैंट नम्बर बीस में सामान रखकर फ्रेश-व्रैश हो लो। तिवारी जी हमें सुसंस्कृत लगे। टैंट नम्बर बीस गद्दों, कम्बलों और स्लिपिंग बैग से सजा है, जिसमें हम सोंएँगे। बड़े उत्साह से हमने अपने-अपने रुकसैक टैंट नम्बर बीस में जमा दिए हैं। टैंट में लाइट भी जल रही है, चार्जिंग मल्टी प्लग भी लगा है। संजीव वर्मा स्विच खोलने लगे, तो देखा टैंट की छत पर मक्खियाँ जमीं बैठी हैं, फिर हमने तहाई हुई स्लीपिंग सीट से उन्हें बाहर निकाला और टैंट का दरवाजा बन्द कर दिया। थोड़ी देर बाद हम हाथ-मुँह धोकर ब्रेकफास्ट के लिए डाइनिंग एरिया में चले गए । पूड़ी, सब्जी, अंडा, कॉर्नफ्लेक्स लेकर हम खाने बैठे। खा-पीकर हमने डौक्यूमैंटेशन कराया और दूसरे ट्रैकर्स से परिचय करने लगे। हमारा ग्रुप बी.एल.टी. जीरो फोर है, जिसमें छह महिला और बाईस पुरुष मिलाकर कुल अट्ठाईस ट्रैकर्स हैं। कल हमें भृगु लेक जाना है; इसलिए रतन सिंह भाटी का ओरिएंटेशन कार्यक्रम भी होना है, जिसकी व्यवस्था ग्रुप लीडर राकेश तिवारी ने की है। हम सभी वहीं बैठ गए हैं। रतन सिंह भाटी ने भृगु लेक ट्रैक के बारे में बताना शुरू किया, वे अपने चेहरे पर सुहानी मुस्कान लिये बौर होने की सीमा तक कार्यक्रम में समाँ बाँधते रहे। बीच-बीच में ट्रैकर्स कभी यहाँ तो कभी वहाँ आते जाते रहे ; परन्तु मग्न भाव से रतन सिंह भाटी अपनी आँखों को मिचमिचाते रहे, जैसे वह कोई बड़े महत्त्व की जानकारी हमें दे रहे हैं।

ओरिएंटेशन कार्यक्रम खत्म होते-होते लंच का समय हो गया और लंच करते-करते व्यास  में नहाने का कार्यक्रम बन गया। अपना-अपना नहाने का सामान लेकर हम छहों व्यास रीवर फ्रंट की ओर बढ़ रहे हैं। हमें देखा देखी दूसरे ट्रैकर भी नहाने आ गए। व्यास  के बड़े-बड़े शिला खंडों पर काई जमी है जो फिसलन भरी है। ऐसे में कहाँ नहाएँगे? मैं पूछ बैठा।

यहीं एक-एक डुबकी लगा लेते हैं भाई साहब! अशोक भाटी भाटी ने कहा।

मैंने इस आशंका के बारे में तो सोचा ही नहीं था। मैंने तो सिर्फ नहाने भर का सोचा था। बीच धार में नहाने की हिम्मत जवाब दे गई, तभी माइक पर घोषणा हुई कि स्नान के लिए नदी के अन्दर न जाएँ, दुर्घटना हो सकती है। इसी बीच एक व्यक्ति ने वहाँ पर नहाने के लिए हमें मना भी किया। फिर हम व्यास किनारे बनी एक दुकान पर पानी पूरी खाने बैठ गए। संजीव वर्मा ने कहा, ‘आए थे राम भजन को ओटन लगे कपास’।

सब ठट्ठाकर हँस पड़े।

अशोक भाटी ने कहा, ‘‘अच्छा होगा कि हम कैम्प में जाकर ताश खेलें- क्यों भाई साहब!’’ मैंने भी हामी भर दी। भूपेन्द्र सिंह ने कुछ ऐसा ही जवाब दिया, जैसा कि ऐसी परिस्थितियों में दिया जा सकता है, और हम जल्दी ही आधार शिविर में आ गए, जहाँ हमारी मुलाकात एक लड़की से हुई,  जिसका चेहरा बहुत ही भला था और कला में पगा भाव उस पर छाया हुआ था। भूपेन्द्र सिंह ने उसे भी ताश खेलने का न्योता दे दिया, जिसे उसने मुस्कराते हुए स्वीकार भी कर लिया। उसने पूछा, ‘‘कौन-सा खेल खेलते हो?’’

मैंने कहा, ‘‘जजमेंट।’’

और हम जजमेंट खेलने बैठ गए।

राकेश तिवारी की व्हिसल बजी, डिनर तैयार है, हमने कप प्लेटें निकालीं। निश्चय ही कुछ बढ़िया बना होगा वरना वाई.एच.ए.आई. का ट्रैक कोई क्यों  करेगा। ऊपर से पेट भी बज रहा था भूख के मारे। मैंने जल्दी-जल्दी कुछेक उबले अंडे, दाल-चावल, सब्जी, चार रोटी, अचार और काफी सारा कस्टर्ड प्लेट में भर लिया और साथ में एक मग गरम पानी भरकर सामने पड़ी प्लास्टिक की टेबुल पर रख लिया। निश्चय ही इतना डिनर स्वास्थ्यकर नहीं होगा; परन्तु मैंने कर लिया। रात भर भूपेन्द्र सिंह जोरों के साथ खर्राटे भरता रहा। संजीव वर्मा पूरी रात ऑनलाइन रहे। मुझे भी झपकी-सी आती रही। आँख तब खुली, जब चाय की टोह में इरशाद किचन के चक्कर लगा रहा था।

दो हजार चौबीस का छह जून है। आधार शिविर की चहारदीवारी में सेवों के वृक्ष अपने कच्चे सेव लिये पूरी गरिमा के साथ खड़े हैं। बन्ने और शकूरे की बेरहम कुल्हाड़ी से वे बच निकले हैं, अभी भी छोटे-छोटे पत्तों से युक्त उनकी डालियाँ आधार शिविर को छाया प्रदान कर रही हैं। वाई.एच.ए.आई. की ट्रैवलर बस आ चुकी है। आज हमें पहले कैम्प ‘गुलाबा मीडो’ के लिए निकलना है। फोरटीन माइल से लगभग साठ किलोमीटर ट्रैवलर बस से चलना है फिर दो किलोमीटर की चढ़ाई करके गुलाबा मीडो पहुँचना है जिसे जोंखर और चौदह मोड़ के नाम से भी जाना जाता है।

‘हाँ तो चलिए, गुलाबा मीडो में चलें’ राकेश तिवारी ने हार्दिकता से कहा और ट्रैवलर बस दो गाइड  सहित अट्ठाईस ट्रेकर्स को लेकर चल पड़ी। राह में पुरानी परम्परा की इमारतें, छोटे-छोटे बाजार व्यास  नदी को पार करने के लिए धातु का पुल, खेत, एप्पल के बाग, मेपल ट्री, ओक-पूरा परिदृश्य स्वाभाविक है, फिर धीरे-धीरे हमने रोहतांग दर्रा पार किया, तो हमारी ट्रैवलर बस कुल्लू में प्रवेश कर गई  और हमें ओक के जंगल और घास के मैदान नजर आने लगे। हमने ट्रैवलर बस से उतरकर ग्यारह बजे के आस-पास पैदल चलना शुरू कर दिया है। गुलाबा मीडो कैम्प समुद्रतल से लगभग आठ हजार पाँच सौ फुट की ऊँचाई पर है। हम कैम्प से एक किलोमीटर पहले एक कैंटीन पर रुक गए हैं। कैंटीन वाला सिर झुकाकर सभी का अभिवादन कर रहा है। यहाँ से गाँवों के चिह्न कम हुए हैं और घास के मैदान, ओक के जंगल, बर्फ की चोटियाँ, जंगली फूल और जल स्रोत दिखाई देने लगे हैं। भूपेन्द्र सिंह लड़कियों के बीच गाने की बानगी दिखा रहे हैं। कोई फिल्मी गीत छेड़ते हैं और मुखड़ा गाकर छोड़ देते हैं, फिर दूसरा गीत पकड़ लेते हैं। अंकिता उनका साथ दे रही है, अंकिता ने उन्हें डैडी कहना शुरू कर दिया है। इरशाद और 

अशोक भाटी भाटी के चेहरे के भाव को डॉक्टर ईश्वर सिंह ने ताड़ लिया है कि भूपेन्द्र सिंह के गाने में उन्हें कोई खास रस नहीं मिल रहा है। ट्रैकर अलग-अलग ग्रुप बनाकर कानाफूसी करने लगे हैं तभी गाइड  की आवाज सुनाई दी- “चलो!”, सभी खड़े हो गए, सभी की भावभंगिमा में आत्मानुशासन का भाव है। घास के मैदानों से ताजगी की सुगंध आ रही है। आधा घंटे में ही हम गुलाबा मीडो कैम्प आ गए। आज रात यहीं विश्राम करना है। कल रोला खोली कैम्प के लिए निकलेंगे। कैम्प लीडर आर.के. गुप्ता कैम्प की व्यवस्था के बारे में बात कर रहे हैं। हमें वरुण  खटाना की आवाज सुनाई दी, “चाय तैयार है।” हम मग लेने टैंट के अन्दर गए और वापस आकर टी कन्टेनर से मगों में चाय लेकर आर.के. गुप्ता के साथ बातचीत में रम गए। कुछ ट्रैकर इधर-उधर मँडराने-डोलने लगे हैं, अशोक भाटी भाटी भी उन्हीं में है। कुछ इस बात की चर्चा कर रहे हैं कि लोकसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार बहुमत हासिल करने के बाद राजग ने नरेन्द्र मोदी को अपना नेता चुन लिया है। फुन्दनों की कैप को सिर पर लगाए भूपेन्द्र सिंह सिकन्दर के अंदाज में खड़ा है। गले में बैंगनी रंग का मल्टी परपज पहने डॉ. ईश्वर सिंह वनस्पतियों की खैर-खबर ले रहा है। चारों ओर पर्वत शिखर नजर आ रहे हैं। किचन से भागचंद गर्म पानी का कंटेनर लिये आ पहुँचा है और सिर को घुमाते हुए आर.के. गुप्ता से कहता है, “डिनर तैयार है।” तभी, मैंने देखा कि आर.के. गुप्ता डिनर के लिए बोलते उससे पहले ही हम डिनर करने के लिए तैयार हो गए और इत्मीनान के साथ प्लेटों के बाद प्लेटें, मग के बाद मग खाली होते रहे। तत्पश्चात् स्लीपिंग बैगों में गुड़मुड़ी बनकर सो गए।

आज दिल्ली में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन एक बार फिर सरकार बनाने के लिए दावा पेश करेगा, स्लीपिंग बैग में पड़े-पड़े वरुण  खटाना ने कहा , तो आँख खुली। आज यानी सात जून को हमें अगले कैम्प के लिए प्रस्थान करना है। डॉ. ईश्वर सिंह आँखें मूँदे पड़े हैं। ‘‘डाक्टर साहब! उठो, लो चाय पी लो’’, इरशाद ने कहा, तो उनकी काया में कुछ हलचल हुई। हम सब उठ गए और स्लीपिंग बैगों में ही बैठे रहे। मुझे हिमालयन बुलबुल की आवाज़ आई, मैंने कहा वकील साहब! यह तो वही है जिसका आपने आधार शिविर में फोटो शूट किया था, काले मुँह और सफेद गालों वाली। इतने में भूपेन्द्र सिंह बोल पड़ा, नहीं भाई साहब! मखमल गालों वाली। ठहाका लगा, तो दूसरे टैंट से भी ट्रैकर बाहर निकले और पूछने लगे, ‘‘क्या हुआ! क्या हुआ! ’’ मैंने भूपेन्द्र सिंह से कहा, ‘‘अब राजू बन गया जैंटलमैन का गाना मत सुना देना’’ और इस खुशनुमा वातावरण से आज का दिन शुरू हुआ। घास के मैदानों ने अपना चेहरा दिखाया, इससे खूबसूरत दिन की कल्पना नहीं की जा सकती, आज हम रोला-खोली जाएँगे।

अब हम अट्ठाईस ट्रैकर रोला-खोली की ओर चले। सुबह के आठ बजे हैं। धूप खिली है। पर्वत शिखरों से बादल उठ रहे हैं। सूखे पत्ते और तिनके हमारे रास्ते में कालीन बनने को तैयार हैं। ओक का जंगल बिदाई को खड़ा हो गया है। किसी लड़की का पैर फिसलकर मुड़ गया है, वह वहीं बैठ गई  है। बाकी ट्रैकर आगे निकल गए हैं। एक गाइड उस लड़की के पास रुक गया है। वैसे भी वह रूखे स्वभाव की है, हालाँकि उसके कठोर होने की शिकायत किसी को नहीं है। बस अंकिता उसे उचक-उचककर देखती रहती है। जैसे-जैसे हम आगे बढ़ रहे हैं, घास के मैदानों की हरियाली बढ़ने लगी है। पहाड़ों पर हल्के-हल्के जंगली फूल दिखने लगे हैं। सोलंग घाटी से होती हुई ठंडी हवा शरीर में झुरझुरी पैदा करने लगी है, ऊपर चढ़ती हुई घुमावदार पगडंडी पर एका-एक मोड़ आया और हम बड़े जल स्रोत पर पहुँच गए हैं। यही हमारा लंच प्वाइंट है। गाइड ने रुकने के निर्देश दे दिये हैं। मैंने देखा, पीछे बहुत दूर गाइड के साथ वह लड़की घिसट रही है। पगडंडी के किनारे-किनारे पड़े पत्थरों पर हम बैठ गए हैं। पीर पंजाल और धौलाधार रेंज के अद्भुत दृश्य दिखायी दे रहे हैं। फोन के सिग्नल आ-जा रहे हैं। एक भेड़ बकरियों का बड़ा- सा झुण्ड हमारे पास से गुजरा है, उनके ताजे-ताजे निशान वहीं पड़े दिख रहे हैं, और हम लंच कर रहे हैं। लंच करते ही शरीर में एनर्जी जगमगा उठी है। सभी के रुकसैक पीठ पर आ गए हैं। आसमान में बादलों की कतरनें उड़ने लगी हैं। पहाड़ गुनगुनाने लगे हैं। हम भी उन्हीं में रमते-रमाते रोला-खोली की ओर बढ़ने लगे हैं। संजीव वर्मा का मोबाइल कैमरा हर वक्त ऑन रहा है। वह अपने पसंदीदा दृश्य शूट कर रहे हैं। उनके मुँह से निकला, ‘‘अद्भुत!’’ दूर, काफी दूर रोला-खोली के टैंट नज़र आ रहे हैं। हम उत्साह से अधीर हुए जा रहे हैं, और हम पाँच बजे तक उतर ही आए। कैम्प लीडर आनन्द भावे ने गरमागरम आलू- बंडे और चाय से हमारा स्वागत किया। हम थककर चूर हैं हमारे चारों ओर ऊँचे-ऊँच पहाड़ हैं, मैदान में बड़े-बड़े शिलाखण्ड भी हमारे साथ जैसे टैंट लगाकर जमे हैं। पेड़-पौधों को गुलाबा मीडो में जंजीर से बँध दिया है। कुछ ट्रैकर बर्फ में भीगे हुए भृगु लेक से आ रहे हैं, जैसे बर्फ में तैर कर आए हों, उन्हें देखकर मुझे झुरझुरी-सी आ गई। कल (आठ जून) हमें भी भृगु लेक जाना है, तभी हमने देखा दूसरा गाइड पगडंडी छोड़कर हमारी ओर उतर रहा है, साथ में विजय तिवारी और वह लड़की है। ‘‘चले आओ! चले आओ!’’ हमारा समवेत स्वर गूँजा। फिर मैंने कहा, ‘‘अशोक भाटी जी! चलें? कुछ खेलें-खालें, घूमे-फिरें? कल भृगु लेक चढ़ना ही है, क्यों? ... वैसे तो थकान उतरी नहीं है।’’

इतने में ही इरशाद बोला, ‘‘छोड़ो भाई साहब मैं भी कल यहीं रहूँगा।’’ अशोक भाटी बड़बड़ाया ‘‘इतना परिश्रम करके आए हैं; केवल भृगु लेक के लिए या कैम्प में आराम करने?’’

‘‘अब टैंट में चलो’’, डॉ. ईश्वर सिंह ने जल्दी मचाई और हम छहों टैंट में आकर जैसे ढह गए। आठ जून को हम जल्दी जाग गए, भृगु लेक जाना हैं। पहले हम खुले में शौच के लिए गए उसके बाद हाथों में दस्ताने, रैन सीट, स्नोबूट और सनग्लास पहनकर पैक लंच लिया- कुछ कार्बोहाइड्रेट और विटामिनयुक्त खाद्य भी रखे। संजीव वर्मा घर से लड्डू लाए हैं, उन्होंने वे भी रख लिये। इरशाद ने रोला-खोली कैम्प में ही आराम करने का मन बना लिया है। उनके साथ पाँच लोग रुकने वाले हैं। हम बाईस ट्रैकर आत्मविश्वास से भरे हुए धीरे-धीरे पैर बढ़ाते हुए भृगु लेक की तरफ बढ़ने लगे हैं। रोला-खोली कैम्प की बगल में स्थित नदी को पार करते हैं। चढ़ाई के ठीक बीस मिनट बाद जमीन एक विशाल हिम चादर में खुलती है। यहाँ से हमें देव टिब्बा, हनुमान टिब्बा और सोलंग घाटी का मनोरम दृश्य दिखाई दे रहा है। पैर धीरे-धीरे बढ़ाना एक तरह से अनिवार्य सा हो रहा है; क्योंकि बर्फ तोड़-तोड़कर चढ़ना दुष्कर सा हो रहा है, साँस फूल रही है, झर-झर स्नोफॉल हो रहा है, धूप नहीं है, भृगु लेक हमें पुकार रही है। रास्ता फिसलन वाला है। बीच-बीच में किसी ना किसी के फिसलने का दृश्य दीख जाता है तो हँसी छूट जाती है। भूपेन्द्र सिंह ने जूतों पे क्रैम्पन (कील लगी चैन) पहनी है, उन्हें फिसलने का डर नहीं है। सीधी खड़ी पर्वत श्रेणियाँ हैं सफेद बर्फ जमा हुआ है। स्नोफॉल रुक गया है। अंततः उसी स्थान पर हम पहुँच गए, जहाँ हमें पहुँचना था अर्थात् भृगु लेक के द्वार पर। आह! कैसा अद्भुत, आध्यात्मिक वातावरण है। हम गुग्ध भाव से देखते रहे। यह झील भारत के हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में चौदह हजार एक सौ फुट की ऊँचाई पर है। यह एक पर्वतीय झील है जो रोहतांग दर्रे के पूर्व में है। इसका नाम महर्षि भृगु पर पड़ा है। बाईस के बाईस ट्रैकर पीली, काली, नीली रैन सीट में नाचते से घूम फिर रहे हैं। कभी-कभी पैर घुटने तक बर्फ में धँस जाते हैं, फिर पैर खींचकर बर्फ से बाहर निकालते हुए हम आनन्दित हो रहे हैं। डॉ. ईश्वर सिंह की नाक लाल हो गई  है। चारों तरफ सफेद बर्फ का साम्राज्य है। अंकिता के साथ छहों लड़कियाँ ठेलमठेल मचाए हुए हैं, वह बर्फ के गोले फेंकने से नज़र आ रहा है। उमर का ख्याल आते ही चेहरे पर विरक्ति के भाव आ गए हैं। तभी गाइड की आवाज़ आई- ‘‘चलो! जल्दी करो!’’ फिर हम ढलवा रास्ते पर चलने लगे, लगभग पाँच सौ मीटर ही चले थे कि गाइड  ने कहा-‘‘यहाँ लंच कर लें फिर स्लाईडिंग (फिसलकर) द्वारा रोला-खोली पहुँचेंगे।’’

आठ जून दो हजार चौबीस के दो बजे हैं, हम पैर फैलाकर टिफिन हाथों में लिए बैठे हैं। हमारी रैन सीट पर स्नोफॉल की कुछ बर्फ बिखरी हुई है। सामने अलोकिक भृगु लेक है। लंच करने के बाद हम बाईस के बाईस फिसलनकारी बर्फ पर पैर जमा-जमाकर रोला-खोली की ओर बढ़ने लगे। गाइड  ने एक ढलवाँ पगडंडी पर रोक दिया, यहाँ से स्लाइडिंग करते हुए जाना है। वाह!... बिना स्की, बिना स्केट, सर्र-सर्र हम ढलवाँ पगडंडी पर फिसलने लगे। फिसलकर लगभग एक किलोमीटर नीचे पहुँचे, तो जूतों में, पिछवाड़े में बर्फ घुस गई। एक लड़की को चोट लगी है शेष इक्कीस अगली स्लाइडिंग के लिए तैयार हैं। भीतर रोमांच होता रहा, बाहर स्नोफॉल। एक-एक करके हमने छह स्लाइडिंग की, थकान का पता ही नहीं चला और हम रोला-खोली आ गए। पाँच बज चुके हैं कैम्प में पहुँचते ही कपड़ों में घुसी बर्फ को निकालना शुरू किया। ठण्ड बहुत लग रही है, सामान रखकर, गर्म कपड़े बदलकर हम चाय पीने के लिए आ बैठे हैं। दूर-दूर तक बिछी बर्फ, उसके बीच से आती ठण्डी हवा, पास में ठंडे चिकने पत्थरों पर उछलती धारा शरीर में खुरखुरी पैदा कर रही है। ठंड की बेचैनी हमें स्लीपिंग बैग में ले गई। कल हमें आधार शिविर निकलना है, यही सोचकर हम देर तक सोते रहे। ठंड की मार के कारण हम स्लीपिंग बैग के भीतर हिल भी नहीं पाए।

नौ जून दो हजार चौबीस को सुबह नौ बजे आधार शिविर फोरटीन माइल के लिए प्रस्थान किया। अब हम पच्चीस हैं, तीन कल ही जा चुके। आज रविवार का दिन है और नरेन्द्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। लगभग घंटेभर चलने के बाद आराम करने की इच्छा हुई, मैंने गाइड  से कहा, तो उसने मना कर दिया और कहा, ‘‘गुलाबा मीडो के पास लंच होगा और वहीं ट्रैवलर बस का इंतजार करते हुए आराम भी होगा।’’ गाइड ने ये शब्द कुछ ऐसे ठेठ अंदाज में कहे कि मानों वह कह रहा हो कि जहाँ मन करे, आराम करो। मैं एक जल स्रोत के पास बैठ गया हूँ, धूप निकली है, दिन सूखता सा चल रहा है, मेरे सामने भेड़ बकरियों का झुण्ड है, जो लम्बी लाइन लगाकर पानी पी रहा है। सामने सोलन घाटी, सूखी हरी घास से ढकी ढलावदार पगडंडियाँ हमें बारह बजे तक गुलाबा मीडो के पास ले आई हैं। हम धूप में बैठे ताश खेल रहे हैं, गर्मी के मारे बेचैनी हो रही है, हवा के स्पर्श का अनुभव बीच-बीच में हो रहा है। हमारे ठीक सामने सड़क के दूसरी ओर कुछ ट्रैकर ट्रैवलर बस का इंतजार कर रहे हैं और कुछ ओक की छाँह में बैठे हैं। गाइड  शोर मचा रहा है। मैंने घूमकर देखा, तो वरुण  खटाना पर मेरी नज़र पड़ी, जो कंधों पर अपना रुकसैक चढ़ा रहा है। शेष ट्रैकर गर्मी से परेशान हुए निश्चल बैठे हैं। ‘‘चलो!’’ हमारी ओर ताकते हुए वरुण खटाना ने चिल्लाकर कहा। थोड़ी देर में ही हम ट्रैवलर बस में बैठ गए हैं, आधार शिविर के लिए। बस ड्राइवर ने गाना बजा दिया है, ओ, केटी को, केटी को।

Viewing all 2207 articles
Browse latest View live